कोडरमा(KODERMA): जिले की मेघातरी घाटी में सोमवार देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं. दूध से लदा एक टैंकर ट्रेलर से टकरा गया, जिससे टैंकर के उपचालक की मौत हो गई. जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया.दुर्घटना के बाद घाटी क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और राष्ट्रीय राजमार्ग पर घंटों तक यातायात प्रभावित रहा.
जानकारी के अनुसार दूध से भरा टैंकर कोडरमा के रास्ते बिहार की ओर जा रहा था. इसी दौरान मेघातरी घाटी में आगे चल रहे एक भारी ट्रेलर से उसकी जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि टैंकर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार चालक तथा उपचालक केबिन में फंस गए.
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी.सूचना मिलते ही कोडरमा थाना की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची.स्थानीय लोगों और पुलिस के संयुक्त प्रयास से काफी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को क्षतिग्रस्त केबिन से बाहर निकाला गया.
दोनों को तत्काल सदर अस्पताल कोडरमा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उपचालक को बचाने का प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.वहीं चालक की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है.
हादसे के कारण सड़क पर लंबा जाम लग गया.दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने और यातायात बहाल करने के लिए अभियान चलाया.
प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि टैंकर चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और आगे चल रहे ट्रेलर में पीछे से टक्कर मार दी.हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है.
कोडरमा घाटी में लगातार हो रहे सड़क हादसे एक बार फिर सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की गति नियंत्रण पर सवाल खड़े कर रहे हैं.स्थानीय लोगों का कहना है कि घाटी क्षेत्र में चेतावनी संकेतों, स्पीड मॉनिटरिंग और नियमित पुलिस निगरानी को और प्रभावी बनाने की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके.
इस दुखद दुर्घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है, जबकि घायल चालक के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की जा रही है.
रिपोर्ट:अरुण
