Koderma:कोडरमा जिले में चोरों का आतंक बढ़ गया. चोर रात होते ही घरों को निशाना बना रहे है. ताजा मामला सदर थाना क्षेत्र से सामने आया. जहां नगरखारा स्थित कलाली रोड में अज्ञात चोरों ने तीन घरों को निशाना बनाया. जिसमें एक घर में चोरी करने में सफल हो गए. चोरी के दौरान महिला पर हमला भी कर दिया.
घटना की जानकारी देते हुए पीड़िता अनिता देवी ने बताया कि शनिवार की अहले सुबह करीब 3 बजे उनके घर का कमरा जिसमें वे सो रही थीं, अचानक उसमें एक अज्ञात व्यक्ति घुस गया. उसकी आहट से ये जाग गईं. जब तक ये कुछ समझ पाती उक्त व्यक्ति ने इनका मुंह दबा दिया. ये काफी जद्दोजहद करने लगीं और शोर मचाने का प्रयास करने लगीं. इसी बीच इनका पुत्र जाग गया और जैसे ही उसने अपने कमरे का दरवाजा खोला, उसकी आहट सुनकर उक्त चोर, जो अपने साथ एक धारदार चाकू लिए हुए था, चाकू वहीं फेंक कर फरार हो गया.
इधर अनिता देवी के घर वालों ने चोर-चोर का शोर मचाया. उनके चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के सभी लोग जाग गए और अनिता देवी के घर पहुंच गए.
शोर सुन उनके बगल में रहने वाले बंटी राणा जब उठे तो देखा कि उनके कमरे में रखा उनका सूटकेस गायब था. जब वे बाहर निकले तो देखा कि घर के पीछे एक खेत में उनका सूटकेस लावारिश अवस्था में पढ़ा हुआ था. जब उन्होंने उसकी जांच की तो पाया कि उसमें रखा सारा नया कपड़ा और नगद 5 हजार रुपए गायब था.
वहीं पड़ोस में रहने वाले विशाल सिंह ने बताया कि जब चोर होने का शोर हुआ तो वे भी जाग गए. जब वे अपने कमरे से बाहर निकले तो देखा कि एक अज्ञात व्यक्ति उनके घर में था. जो इन्हें देखते ही छत की ओर भागा और पीछे से कूदकर वहां से फरार हो गया. विशाल सिंह ने कहा कि गनीमत रही कि उनकी नींद खुल गई और चोरी की घटना होते-होते रह गई.
एक साथ 3 घरों में चोरों के प्रवेश से पूरा मोहल्ला दहशत में है. सभी पुलिस से विशेष गश्ती की मांग कर रहे हैं. इधर घटना की सूचना मिलते ही कोडरमा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है. पुलिस पीड़ितों से पूछताछ कर रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों की शिनाख्त की जा सके.
रिपोर्ट: अरुण बर्णवाल
