Jharkhand

कोडरमा में सड़क हादसे ने ले ली युवक की जान, 2 घायलों का इलाज जारी

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

कोडरमा (KODERMA): जिले के जयनगर थाना क्षेत्र से सड़क दुर्घटना वाली खबर सामने आई है जहां बाइक अनियंत्रित होकर एक गड्ढे में जा गिरी जिसमें 1 युवक कि मौत हो गई जबकि अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. मृतक की पहचान सांथ निवासी सिकंदर डोम के पुत्र सन्नी कुमार के रूप में हुई है. रांची में इलाज के दौरान मंगलवार को उसने दम तोड़ दिया. वहीं पेठियाबागी निवासी संजीत राम के पुत्र सन्नी कुमार का इलाज हजारीबाग में चल रहा है. हादसे में शामिल तीसरा युवक सन्नी कुमार सुरक्षित बताया जा रहा है. खास बात यह है कि दुर्घटना में शामिल तीनों युवकों का नाम सन्नी कुमार ही है. घटना के बाद मृतक के परिजनों में मातम पसरा हुआ है.

जानकारी के अनुसार तीनों युवक सोमवार को तिलैया डैम घूमने गए थे. शाम के समय वे दोपहिया वाहन से वापस अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान डहुआटोला के समीप अचानक चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया. इसके बाद दोपहिया वाहन सड़क किनारे स्थित गड्ढे में जा गिरा. दुर्घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत इसकी सूचना उनके परिजनों को दी. सूचना मिलते ही स्वजन मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल कोडरमा ले गए. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया.

इसके बाद सिकंदर डोम के पुत्र सन्नी कुमार को रांची ले जाया गया, जहां मंगलवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. वहीं दूसरे घायल सन्नी कुमार का इलाज हजारीबाग में जारी है. तीसरा युवक हादसे में सुरक्षित बच गया. घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. बताया गया कि सन्नी अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था. वह रंग-पेंट का काम कर अपने परिवार की आजीविका में सहयोग करता था. अचानक हुए इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.