Jharkhand

कोडरमा में अनियंत्रित कार ठेले से टकराई, कई लोग बाल-बाल बचे

Rashmi Prasad CE
Copy Editor

कोडरमा(KODERMA): थाना क्षेत्र के गांधी चौक के समीप एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया. शादी समारोह से लौट रहे कार सवारों की कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक ठेले से जा टकराई. टक्कर इतनी तेज थी कि ठेला पलट गया और आसपास मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों के अनुसार कार काफी तेज रफ्तार में थी और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका. हादसे के समय सड़क किनारे कई लोग मौजूद थे, लेकिन राहत की बात यह रही कि कोई भी व्यक्ति कार की चपेट में नहीं आया और बड़ी जनहानि टल गई. घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई.

आपको बता दें, हादसे में कार सवार को मामूली चोटें आईं, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया. दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए गांधी चौक क्षेत्र में यातायात प्रभावित रहा और वाहनों की आवाजाही धीमी पड़ गई. स्थानीय लोगों ने बताया कि इस इलाके में अक्सर वाहन तेज गति से गुजरते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है. उनका कहना है कि यदि हादसे के समय सड़क किनारे खड़े लोग समय रहते नहीं हटते तो यह दुर्घटना बेहद गंभीर रूप ले सकती थी. घटना के बाद लोगों ने प्रशासन से इस क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को और सख्त करने की मांग की है.

स्थानीय नागरिकों ने गांधी चौक के आसपास स्पीड कंट्रोल, ट्रैफिक पुलिस की नियमित तैनाती और सड़क सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम करने की जरूरत बताई है. उनका मानना है कि व्यस्त बाजार और भीड़भाड़ वाले इस इलाके में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण बेहद जरूरी है. पुलिस ने घटना की जानकारी मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है. हालांकि इस हादसे में कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि सड़क पर सावधानी और यातायात नियमों का पालन ही ऐसे हादसों को रोकने का सबसे प्रभावी तरीका है.

रिपोर्ट- अरुण बर्नवाल