Jharkhand

कोडरमा में NEET छात्रा की संदिग्ध मौत, कमरे में मिला शव, पुलिस जांच में जुटी

Varsha Varma CE
Copy Editor
कोडरमा में NEET छात्रा की संदिग्ध मौत, कमरे में मिला शव, पुलिस जांच में जुटी

कोडरमा(KODARMA): जिले में एक 16 वर्षीय छात्रा की मौत का मामला सामने आया है. मृतक छात्रा की पहचान ऋचा कुमारी के रूप में हुई है, जो मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET की तैयारी कर रही थी और अपने माता-पिता के साथ किराए के मकान में रहती थी.

ऋचा पढ़ाई को लेकर काफी गंभीर थी और उसने हाल ही में NEET की परीक्षा दी थी. परिवार का कहना है कि परीक्षा के बाद वह अपने भविष्य को लेकर उत्साहित नजर आ रही थी. हालांकि, हाल के दिनों में वह कुछ तनावग्रस्त दिखाई दे रही थी. परिजन लगातार उससे बातचीत कर उसका मनोबल बढ़ाने की कोशिश कर रहे थे.

ऋचा अपने कमरे में ऑनलाइन टेस्ट और पढ़ाई से जुड़े कार्यों में व्यस्त थी. काफी समय तक कमरे से बाहर नहीं आने पर परिजनों को चिंता हुई. कई बार दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. इसके बाद परिवार के लोगों ने दरवाजा तोड़ा. छात्रा कमरे में फंदे से लटकी हुई मिली. घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही तिलैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को अपने कब्जे में लिया.

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. फिलहाल पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना के पीछे की परिस्थितियों को बेहतर ढंग से समझा जा सके.