Jharkhand

विधायक के चालक की काटकर हत्या, बचाने पहुंचे माता-पिता और बेटी पर भी हुआ हमला, जमीन विवाद से जुड़ा है मामला

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

कोडरमा (KODERMA): जिले के चितरपुर गांव में जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जहां कोडरमा विधानसभा क्षेत्र की विधायक डॉ. नीरा यादव के निजी चालक राजकुमार यादव की धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी गई. इस हमले में उनके वृद्ध माता-पिता और मासूम बेटी भी गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है. गुरुवार सुबह परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर रांची-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया, जिससे वाहनों की लंबी कतार लग गई.

जानकारी के अनुसार, राजकुमार यादव बीती रात करीब साढ़े आठ बजे तक विधायक डॉ. नीरा यादव के साथ एक सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यक्रम में मौजूद थे. ड्यूटी समाप्त कर घर लौटने के बाद उन्हें परिजनों का फोन आया, जिसमें गांव में जमीन को लेकर चल रहे विवाद और तनाव की जानकारी दी गई. बताया गया कि गोतिया परिवार के बीच विवाद बढ़कर मारपीट तक पहुंच चुका है.

परिवार की सूचना मिलते ही राजकुमार तत्काल अपने गांव चितरपुर पहुंचे. वहां पहुंचकर उन्होंने दोनों पक्षों के बीच चल रहे विवाद को शांत कराने और समझाने का प्रयास किया. आरोप है कि इसी दौरान पहले से तैयार बैठे लोगों ने उन पर हमला कर दिया. हमलावरों ने धारदार हथियार और कुदाल से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे राजकुमार गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े. अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई. हमले के दौरान राजकुमार के पिता दशरथ यादव, मां सुधा देवी और बेटी सोनिका कुमारी भी बीच-बचाव करने पहुंचे, लेकिन आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया. तीनों गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है.

सूत्रों के मुताबिक, विवाद की जानकारी मिलने पर विधायक डॉ. नीरा यादव ने स्वयं कोडरमा थाना पुलिस को फोन कर मामले में हस्तक्षेप करने और पुलिस बल भेजने का अनुरोध किया था. बावजूद इसके समय रहते स्थिति पर नियंत्रण नहीं हो सका और विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. घटना की सूचना मिलते ही विधायक देर रात अस्पताल पहुंचीं और घायलों का हालचाल लिया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. वहीं इस घटना ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और पुलिस की तत्परता को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं.