Jharkhand

कोडरमा विधायक चालक हत्याकांड: आक्रोशित लोगों ने आरोपी के घर को फूंका, सड़क जाम

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

कोडरमा (KODERMA): कोडरमा जिला थाना क्षेत्र के इंदरवा पंचायत अंतर्गत चितरपुर गांव में जमीन विवाद को लेकर कोडरमा विधायक नीरा यादव के निजी चालक की हत्या के बाद पूरे इलाके में भारी तनाव फैल गया है. इस हत्याकांड के बाद स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा. आक्रोशित भीड़ ने कथित आरोपी के घर पर धावा बोलकर उसमें आग लगा दी, जिससे घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया. घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए मुख्यालय डीएसपी के नेतृत्व में पांच थानों की पुलिस, एम्बुलेंस और दमकल की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और गांव में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया.

इस वारदात से नाराज मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने बुधवार सुबह शव को कोडरमा थाने के सामने रखकर रांची-पटना मुख्य मार्ग को करीब दो घंटे तक पूरी तरह जाम रखा. प्रदर्शनकारी आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी और उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे थे. सड़क जाम के कारण मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. बाद में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा मामले में चार संदिग्धों को हिरासत में लेने की जानकारी देने और उचित कानूनी कार्रवाई का ठोस आश्वासन मिलने के बाद ही प्रदर्शनकारियों ने जाम हटाया और यातायात बहाल हो सका.

दूसरी ओर, स्थानीय विधायक नीरा यादव ने इस पूरे मामले में स्थानीय पुलिस पर घोर लापरवाही बरतने का गंभीर आरोप लगाया है. विधायक का दावा है कि इस घटना से ठीक एक दिन पहले कथित जमीन माफियाओं द्वारा मृतक की मां को जिंदा जमीन में दफनाने का प्रयास किया गया था, जिसका एक वीडियो भी सामने आया था. पुलिस को इस बात की लिखित और मौखिक सूचना समय रहते दी गई थी, लेकिन प्रशासन ने इसे गंभीरता से नहीं लिया. विधायक के अनुसार, यदि पुलिस ने समय पर कार्रवाई की होती तो उनके चालक की जान बचाई जा सकती थी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और गांव में शांति बनाए रखने के लिए स्थिति पर लगातार पैनी नजर रखी जा रही है.