Jharkhand

कोडरमा में 1.5 लाख दीयों से सजा पीएम मोदी का विशाल पोर्ट्रेट, देखने उमड़ी भीड़

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

कोडरमा (KODERMA): जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित भव्य कार्यक्रम लोगों के आकर्षण का केंद्र बन गया. चाराडीह स्थित आरपीवाई ग्लोबल स्कूल परिसर में करीब 1.5 लाख दीयों की मदद से तैयार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विशाल पोर्ट्रेट का बुधवार शाम अनावरण किया गया. लगभग 6,000 वर्गफीट क्षेत्र में तैयार इस मोजेक आर्ट को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे. जैसे ही दीयों को एक साथ प्रज्ज्वलित किया गया, पूरा परिसर रोशनी से जगमगा उठा और विशाल चित्र ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया. लोगों ने इस अनूठे दृश्य की तस्वीरें और वीडियो भी बनाए.

इस विशाल कलाकृति को प्रसिद्ध मोजेक आर्टिस्ट सुमित गुंजन और उनकी टीम ने तैयार किया. आयोजकों के अनुसार, विशेष डिजाइन के तहत हजारों दीयों को व्यवस्थित कर पोर्ट्रेट तैयार करने में कई दिनों की मेहनत लगी. कार्यक्रम स्थल पर सुबह से ही तैयारियां चल रही थीं और शाम तक कलाकृति को अंतिम रूप दिया गया. दीयों की रोशनी में उभरता प्रधानमंत्री का चित्र लोगों के लिए खास आकर्षण बना रहा. कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों की भी मौजूदगी रही.

आयोजन के दौरान पूरे परिसर में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला. शाम ढलते ही जब 1.5 लाख दीयों की रोशनी एक साथ फैली, तो पूरा क्षेत्र आकर्षक रोशनी से नहा उठा. उपस्थित लोगों ने इस आयोजन को कला, संस्कृति और सामूहिक सहभागिता का अनूठा उदाहरण बताया. आयोजकों का कहना है कि इस तरह के रचनात्मक कार्यक्रम लोगों को एक साथ जोड़ने और सामाजिक एकता को बढ़ावा देने का काम करते हैं. कोडरमा में तैयार यह विशाल मोजेक पोर्ट्रेट जिले के चर्चित आयोजनों में शामिल हो गया, जिसकी भव्यता देखने के लिए देर शाम तक लोगों की भीड़ जुटी रही.

रिपोर्ट- अरुण बर्नवाल