कोडरमा (KODERMA): झारखंड के कोडरमा जिले में गुरुवार को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नवलशाही थाना क्षेत्र के नवादा-फुलवरिया स्थित एक विस्फोटक मैगजीन हाउस पर छापेमारी की. सुबह से चली इस कार्रवाई के दौरान NIA की टीम ने मैगजीन हाउस और उससे जुड़े ठिकानों की गहन जांच की. सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा. जिस मैगजीन हाउस पर कार्रवाई हुई, उसका संचालन लोकाई निवासी शंकर यादव द्वारा किया जाता है. NIA ने मैगजीन हाउस के साथ-साथ शंकर यादव के आवास पर भी एक साथ छापेमारी की. जांच के दौरान टीम ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जांच की और संदिग्ध रिकॉर्ड को अपने कब्जे में लिया.
सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई विस्फोटक सामग्री की कथित अवैध आपूर्ति और उसके उपयोग से जुड़े मामले की जांच के तहत की गई है. जांच एजेंसी इस बात की पड़ताल कर रही है कि कहीं विस्फोटक सामग्री का इस्तेमाल अवैध गतिविधियों में तो नहीं किया जा रहा था. हालांकि, NIA ने अब तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है, इसलिए जांच के उद्देश्य और आरोपों को लेकर अंतिम स्थिति स्पष्ट होना बाकी है. छापेमारी के दौरान NIA ने मैगजीन संचालक शंकर यादव को गिरफ्तार कर लिया. इसके अलावा महेश कुमार मेहता को भी हिरासत में लिया गया है. दोनों नावाड़ोह क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं. कार्रवाई के दौरान टीम ने करीब 16 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं. इसके साथ ही कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य रिकॉर्ड भी जब्त किए गए हैं, जिनकी जांच की जा रही है.
सूत्रों का यह भी कहना है कि जांच केवल एक मैगजीन हाउस तक सीमित नहीं है. NIA जिले में संचालित अन्य विस्फोटक भंडारण केंद्रों और उनसे जुड़े नेटवर्क की भी जांच कर रही है. संभावना जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में जिले के अन्य संदिग्ध ठिकानों पर भी कार्रवाई हो सकती है. फिलहाल NIA की जांच जारी है और बरामद दस्तावेजों, नकदी तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे नेटवर्क की कड़ियों को खंगाला जा रहा है. इस हाई-प्रोफाइल कार्रवाई के बाद इलाके में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है. अब सभी की नजर NIA की अगली कार्रवाई और आधिकारिक खुलासे पर टिकी हुई है.
रिपोर्ट : अरुण बरणवाल
