Jharkhand

रेलवे स्टेशन पर RPF की सतर्कता से टला बड़ा हादसा, चलती ट्रेन से गिरा व्यक्ति सुरक्षित बचाया गया

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

कोडरमा (KODERMA): जिले के रेलवे स्टेशन में एक बड़ा हादसा होते होते टला. रेलवे सुरक्षा बल (RPF) पोस्ट कोडरमा के जवानों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा रेल हादसा टल गया. दरअसल, चलती ट्रेन से उतरने के दौरान नीचे गिरकर घायल हुए एक व्यक्ति को RPF जवानों ने समय रहते ट्रेन के नीचे से सुरक्षित बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया. जानकारी के अनुसार, 11 जुलाई 2026 को RPF पोस्ट कोडरमा के जवान ट्रेन पासिंग ड्यूटी पर तैनात थे. सुबह गाड़ी संख्या 12382 डाउन कोडरमा रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या-3 पर पहुंची. निर्धारित ठहराव के बाद ट्रेन आगे बढ़ी, लेकिन अचानक एसीपी (अलार्म चेन पुलिंग) होने के कारण कुछ दूरी पर रुक गई.

इस दौरान ड्यूटी पर तैनात सहायक उप निरीक्षक ओम प्रकाश सिंह, आनंद कुमार सिंह, अशोक कुमार गुप्ता, महिला आरक्षी नीतू कुमारी तथा धनबाद से ड्रोन प्रशिक्षण के लिए आए आरक्षी राजेश पासवान गार्ड ब्रेक के पास पहुंचे. वहां उन्होंने देखा कि एक व्यक्ति चलती ट्रेन से उतरने के दौरान नीचे गिर गया है. घायल की पहचान 50 वर्षीय मुस्ताक खान, पिता सफायद खान, निवासी खेसकरी, थाना जयनगर, जिला कोडरमा के रूप में हुई. वह अपनी बेटी और दामाद को ट्रेन में बैठाने रेलवे स्टेशन आए थे. हादसे में उनके दाहिने पैर में गंभीर चोट आई. ट्रेन मैनेजर ने भी स्थिति को देखते हुए एसीपी कर ट्रेन रुकवाई, जिससे बड़ा हादसा टल गया.

बता दे, RPF जवानों ने यात्रियों की मदद से घायल को ट्रेन के नीचे से सुरक्षित निकालकर प्लेटफार्म पर पहुंचाया और तुरंत प्राथमिक उपचार कराया. इसके बाद स्टेशन मास्टर को एंबुलेंस के लिए सूचना दी गई, लेकिन एंबुलेंस आने में देरी होने पर घायल के परिजन उन्हें टेंपो से सदर अस्पताल, कोडरमा ले गए. परिजनों ने RPF की तत्परता और मानवीय पहल की सराहना करते हुए जवानों का आभार व्यक्त किया. इस घटना के कारण गाड़ी संख्या 12382 कुछ देर के लिए देर भी हुई.