कोडरमा: जिले के तिलैया थाना क्षेत्र स्थित सुभाष चौक के पास एक निजी अस्पताल में प्रसव के बाद महिला की मौत हो जाने से गुरुवार को तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई. मृतका की पहचान बिहार के गया जिले की रहने वाली 27 वर्षीय गुड़िया देवी के रूप में हुई है. वह अपने पति अतिराज पासवान के साथ रहती थीं और प्रसव के लिए कुछ दिनों से चौपारण थाना क्षेत्र के रेमो करमा गांव स्थित अपने मायके में रह रही थीं.
परिजनों के अनुसार, प्रसव पीड़ा शुरू होने पर बुधवार को गुड़िया देवी के मामा बाबूलाल पासवान उन्हें इलाज के लिए झुमरीतिलैया के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे. अस्पताल में महिला ने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया. परिवार का दावा है कि प्रसव के बाद मां और नवजात दोनों की स्थिति सामान्य थी. लेकिन अगले दिन सुबह अस्पताल प्रबंधन ने महिला की मौत की सूचना दी, जिससे परिजनों में आक्रोश फैल गया.
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन अस्पताल पहुंचे और महिला की मौत का कारण पूछने लगे. आरोप है कि उन्हें स्पष्ट जवाब नहीं मिला, जिसके बाद अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू हो गया. परिजनों ने उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की.
वहीं अस्पताल के चिकित्सक ने सभी आरोपों को निराधार बताया है. उनका कहना है कि महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर करने की सलाह दी गई थी. डॉक्टर के मुताबिक, परिजनों ने रेफर कराने से इनकार करते हुए अस्पताल में ही इलाज जारी रखने का अनुरोध किया था और भरोसा दिलाया था कि बाद में किसी तरह का आरोप नहीं लगाया जाएगा.
फिलहाल मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है. पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है. जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही हुई या नहीं.
