Jharkhand

कोडरमा पुलिस ने 24 घंटे में मोबाइल दुकान चोरी का किया खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

Priyanka Kumari CE
Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer

कोडरमा (KODERMA): कोडरमा के मरकच्चो थाना क्षेत्र के जामू बाजार स्थित एक मोबाइल दुकान में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सफलतापूर्वक उद्भेदन कर लिया है. मामले में संलिप्त चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है तथा चोरी गए सामान की शत-प्रतिशत बरामदगी भी कर ली गई है.जानकारी के अनुसार, जामू निवासी मोबाइल दुकानदार उमेश कुमार ने अपनी दुकान में चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी. इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर विशेष अनुसंधान टीम का गठन किया. टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण, तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण, संदिग्धों से पूछताछ तथा डॉग स्क्वॉड की सहायता से जांच शुरू की.

चार आरोपी गिरफ्तार

लगातार कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में सभी ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की. उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए मोबाइल फोन, ईयरबड्स, स्मार्टवॉच, नकदी, मोटरसाइकिल और चोरी में प्रयुक्त औजार बरामद किए गए.गिरफ्तार आरोपी में शाहिल खान उर्फ सोनू खान उर्फ सोमुवा खान, निवासी पाण्डेयडीह, आदर्श कुमार, रवि कुमार और सोनू कुमार शामिल हैं. अन्य तीनों आरोपी गावागढ़ चट्टी, थाना राजधनवार, जिला गिरिडीह के निवासी बताए गए हैं.पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कुल 31 एंड्रॉयड मोबाइल, 23 कीपैड मोबाइल, 10 ईयरबड्स, 3 स्मार्टवॉच, 3,855 नकद, 2 मोटरसाइकिल, 2 पावर एडॉप्टर, 1 सब्बल, 1 हेक्सा ब्लेड और 1 पिस्तौलनुमा लाइटर बरामद किया है.

पूरा सामान बरामद

जांच के दौरान पुलिस ने चोरी की घटना को अंजाम देने में प्रयुक्त लोहे का सब्बल, हेक्सा ब्लेड तथा दो मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली हैं. पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है.मामले के उद्भेदन में थाना प्रभारी मरकच्चो बमबम कुमार, तिलैया डैम ओपी प्रभारी प्रेम कुमार, नफीश अहमद, कार्तिक सिंह मुंडा सहित सशस्त्र बल के जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.पुलिस का कहना है कि जिले में चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है तथा अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

रिपोर्ट-अरुण बरनवाल