Jharkhand

कोडरमा: चार महीने पहले हुई थी शादी, मायके में फंदे से झूलती मिली नवविवाहिता, जांच में जुटी पुलिस

Rashmi Prasad CE
Copy Editor
कोडरमा: चार महीने पहले हुई थी शादी, मायके में फंदे से झूलती मिली नवविवाहिता, जांच में जुटी पुलिस

कोडरमा (KODERMA):  जिले के जयनगर थाना क्षेत्र के लतबेधवा गांव में एक सनसनीखेज खबर सामने आई है जहां 23 वर्षीय नवविवाहिता संजना कुमारी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतका का शव उसके मायके के एक कमरे में पंखे से झूलता हुआ पाया गया. जानकारी के अनुसार, संजना की शादी करीब चार महीने पहले ही मरकच्चो के पश्चिमी मोहल्ला निवासी अमर सिंह के साथ हुई थी. कुछ दिन पूर्व ही वह अपने मायके लतबेधवा आई हुई थी. दरअसल, सोमवार की रात वह अपने परिजनों के साथ जयनगर में एक शादी समारोह में शामिल होकर लौटी थी, जिसके बाद उसने सामान्य रूप से भोजन किया और सोने चली गई.

जिसके बाद मंगलवार की सुबह जब काफी देर तक संजना के कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो उसकी मां ने आवाज लगाई. बार-बार दरवाजा खटखटाने के बाद भी जब अंदर से कोई जवाब नहीं मिला, तो परिजनों को किसी अनहोनी की आशंका हुई. इसके बाद जब घर के पीछे स्थित खिड़की से कमरे के भीतर झांककर देखा गया, तो संजना का शव फंदे से लटका हुआ था. आनन-फानन में परिजनों ने कमरे का दरवाजा तोड़ा और शव को नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं. इस अचानक हुई घटना से पूरे परिवार और आस-पास के इलाके में मातम पसर गया है.

घटना की सूचना मिलते ही जयनगर थाना के एसआई प्रतीत टोपनो और एसआई समसूदीन खान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की तफ्तीश में जुट गई है. पुलिस ने घटनास्थल से मृतका का मोबाइल फोन भी जब्त किया है ताकि कॉल डिटेल्स और संदेशों के जरिए मौत के कारणों का सुराग मिल सके. परिजनों के मुताबिक शादी समारोह से लौटने के बाद संजना बिल्कुल सामान्य थी, इसलिए आत्महत्या के कारणों को लेकर रहस्य गहरा गया है. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है.