Jharkhand

कोडरमा हत्याकांड:जमीन विवाद में विधायक के ड्राइवर की गई जान,पांच हत्यारे गिरफ्तार

Samir Hussain
सीनियर रिपोर्टर
कोडरमा हत्याकांड:जमीन विवाद में विधायक के ड्राइवर की गई जान,पांच हत्यारे गिरफ्तार

कोडरमा(KODERMA): कोडरमा थाना क्षेत्र के चितरपुर गांव में हुए चर्चित राजकुमार यादव हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया. हत्याकांड में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. साथ ही गिरफ्तार आरोपियों के पास से हत्या में इस्तेमाल किए गए धारदार हथियार भी जब्त किया गया. पुलिस के मुताबिक हत्याकांड के पीछे वर्षों पुराना जमीन विवाद है. कोडरमा एसपी कुमार शिवाशीष ने प्रेस वार्ता कर कांड का खुलासा किया है.     

जानकारी के अनुसार 3 जून 2026 की रात करीब 9:30 बजे चितरपुर गांव में जमीन को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. इसी दौरान राजकुमार यादव पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना में अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए.

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर विशेष जांच टीम का गठन किया. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने तकनीकी और साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों की पहचान की और छापेमारी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक और आरोपियों के बीच लगभग आठ वर्षों से भूमि विवाद चल रहा था. गांव स्तर पर कई बार समझौते और पंचायतें भी हुईं, लेकिन विवाद का स्थायी समाधान नहीं निकल सका. इसी तनाव और पुरानी रंजिश के कारण घटना को अंजाम दिया गया.

गिरफ्तार आरोपियों में गोपाल यादव, भीखन यादव, गुलबी देवी, विजय यादव और सचिन यादव शामिल हैं. पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया फरसा, कुदाल (चपड़ा), मोबाइल फोन तथा अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं.

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम लगातार सक्रिय रही.  घटना के 24 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच आगे भी जारी रहेगी और सभी पहलुओं की गहन पड़ताल की जाएगी.

इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया था. हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई के बाद स्थिति सामान्य बताई जा रही है. प्रशासन ने लोगों से कानून व्यवस्था बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है.

राजकुमार यादव की हत्या से उनके परिवार और स्थानीय लोगों में शोक की लहर है. वहीं पुलिस की तेज कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है. अधिकारियों का कहना है कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

रिपोर्ट: अरुण बर्नवाल