Jharkhand

कोडरमा: ट्रेन की चपेट में आने से 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत, पुलिस जांच में जुटी

Rashmi Prasad  CE
Rashmi Prasad CE
Copy Editor

कोडरमा (KODERMA): कोडरमा-गिरिडीह रेलखंड से बड़ी खबर सामने आई है जहां रेल हादसे में 70 वर्षीय बुजुर्ग की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई. यह घटना महेशपुर हॉल्ट के समीप हुई. मृतक की पहचान डोमचांच थाना क्षेत्र के तेतरयाडीह निवासी कैलाश पंडित (70 वर्ष) के रूप में हुई है. हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई. घटना के बाद रेलखंड पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सूचना मिलते ही डोमचांच थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.

परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, कैलाश पंडित मानसिक रूप से अस्वस्थ बताए जाते थे. शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे वह साइकिल लेकर घर से निकले थे. महेशपुर हॉल्ट के पास पहुंचने के बाद उन्होंने अपनी साइकिल किनारे खड़ी की और रेल पटरी पार करने लगे. इसी दौरान तेज रफ्तार पैसेंजर ट्रेन वहां से गुजर रही थी. बताया जा रहा है कि ट्रेन को आते देख वह समय रहते पटरी से हट नहीं सके और उसकी चपेट में आ गए. टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के प्रत्यक्षदर्शियों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और परिजनों को दी.

घटना की जानकारी मिलते ही डोमचांच थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को अपने कब्जे में लिया. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, कोडरमा भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है. इस दर्दनाक घटना से मृतक के परिवार में शोक की लहर है. स्थानीय लोगों ने भी घटना पर दुख व्यक्त करते हुए रेल लाइन पार करते समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की है.