कोडरमा(KODARMA): जिले के तिलैया थाना क्षेत्र में गुमो चौक के पास गुरुवार को सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई. मृतक की पहचान गुमो बरवाडीह, वार्ड नंबर 20 निवासी करीब 55 वर्षीय राम किशुन यादव के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि वह किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए. हादसा इतना गंभीर था कि उनकी जान चली गई. घटना के बाद इलाके में मातम पसरा है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
हादसे के बाद NH-20 पर जाम
राम किशुन यादव की मौत की खबर मिलते ही परिवार के लोगों और स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया. लोगों ने मुआवजे समेत अपनी दूसरी मांगों को लेकर NH-20 को जाम कर दिया. सड़क पर लोगों के जुटने से इस मार्ग पर गाड़ियों की आवाजाही प्रभावित हुई. अचानक सड़क जाम होने से राहगीरों और वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा.
मौके पर पहुंची पुलिस, जाम हटाने की कोशिश
घटना की सूचना मिलने के बाद तिलैया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने आक्रोशित ग्रामीणों और मृतक के परिजनों से बातचीत कर उन्हें समझाने की कोशिश की. पुलिस की ओर से जाम हटवाने का प्रयास किया जा रहा है. हालांकि, हादसे के बाद लोगों में नाराजगी बनी हुई है और वे अपनी मांगों को लेकर सड़क पर डटे हैं.
अज्ञात वाहन की तलाश
फिलहाल हादसे में शामिल वाहन की पहचान नहीं हो पाई है. दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी भी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है. पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है. अब सबकी नजर इस बात पर है कि मृतक के परिजनों की मांगों पर क्या कदम उठाए जाते हैं और सड़क जाम कब तक हटता है.
रिपोर्ट- अरुण बर्नवल