Jharkhand

कोडरमा घाटी में भीषण सड़क हादसा: दो ट्रेलरों की आमने-सामने टक्कर, चालक की हुई मौत

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

कोडरमा (KODERMA): घाटी क्षेत्र में मेघातरी कालीमंडा के समीप बड़ा सड़क हादसा सामने आया है. यहां दो भारी ट्रेलरों के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. इस दुर्घटना में एक ट्रेलर चालक की दर्दनाक मौत हो गई. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग मौके पर जुट गए.

टक्कर के बाद बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए वाहन

बताया जा रहा है कि दोनों ट्रेलर विपरीत दिशा से आ रहे थे. मेघातरी कालीमंडा के समीप पहुंचने के दौरान दोनों वाहनों के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई. हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद वाहनों के सामने के हिस्से को भारी नुकसान पहुंचा. चालक भी वाहन में बुरी तरह फंस गया.दुर्घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने राहत और बचाव के लिए प्रयास शुरू किया. वहीं घटना की सूचना संबंधित पुलिस को भी दी गई. हादसे के कारण सड़क पर कुछ समय के लिए यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई.

हादसे के बाद सड़क पर लगा वाहनों का जमावड़ा

दो भारी वाहनों की टक्कर के कारण सड़क के आसपास वाहनों का जमावड़ा लग गया. दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलरों के सड़क पर होने से दूसरे वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा. हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी घटनास्थल के आसपास पहुंच गए.कोडरमा घाटी से गुजरने वाले मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही लगातार बनी रहती है. घाटी क्षेत्र में मोड़ और ढलान होने के कारण वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत होती है. मेघातरी कालीमंडा के पास हुई इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और नियंत्रित रफ्तार के महत्व को सामने ला दिया है.

फिलहाल हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी विस्तृत जानकारी सामने आने के बाद दुर्घटना के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

रिपोर्ट – अरूण वर्णवाल