Jharkhand

कोडरमा में गजराज का आतंक जारी, तेतरियाडीह गांव में महिला की कुचलकर ली जान  

Priyanka Kumari CE
Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer

कोडरमा(KODERMA):कोडरमा जिले में हाथियों का उत्पात एक बार फिर से शुरू हो गया है.बीते दो दिन पहले हाथियों के एक झुंड ने डोमचांच प्रखण्ड के गोलगो गांव में जहां गरीब किसानों के घर को ध्वस्त करते हुए उन्हें लाखों रुपए का नुकसान पहुंचाया था. वहीं बुधवार की देर रात हाथियों के झुंड ने डोमचांच प्रखंड के धुरोडीह गांव में कई घरों के बाउंड्री को ध्वस्त करते हुए गुरुवार की अहले सुबह तेतरियाडीह गांव में एक महिला को कुचलकर मौत के घाट उतार दिया है.मृतक महिला की पहचान तेतरियाडीह गांव निवासी 55 वर्षीय सुदामा देवी पति केदार मेहता के रूप में की गई है.

टहलने गई थी महिला तभी हाथियों ने कर दिया हमला

मृतका सुदामा देवी के भाई के अनुसार सुदामा देवी गुरुवार की सुबह करीब 5:00 बजे खेतों की ओर टहलने गई हुई थी.इसी दौरान एक हाथी ने उन पर हमला बोल दिया. हालांकि सुदामा देवी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन वह खेतों में गिर गई और हाथी ने उसे कुचल दिया। जिससे उनकी वहीं पर दर्दनाक मौत हो गई.इधर हाथियों के फिर से शुरू हुए हमले ने जहां एक ओर वन विभाग की चिंता बढ़ा दी है.

ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति आक्रोश

 वहीं इससे ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति आक्रोश देखा जा रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि बीते दो वर्षों में हाथियों के हमले में 2 दर्जन से अधिक मौतें हो चुकी है. इसके अतिरिक्त किसानों को लाखों का नुकसान हो चुका है. इन सब के बावजूद वन विभाग की टीम हाथियों को यहां से बाहर खदेड़ने में असक्षम है.

रिपोर्ट-अरुण बर्णवाल