Jharkhand

बालू लदे ट्रैक्टर की चेकिंग के दौरान CO साहब ने चालक पर जड़ दी लाठी? जमकर हुआ बवाल, अब अधिकारियों ने साधी चुप्पी

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

कोडरमा (KODERMA): झारखंड के कोडरमा जिले में बालू के कथित अवैध परिवहन की जांच के दौरान विवाद खड़ा हो गया. चंदवारा थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर की जांच के दौरान हुई घटना में एक ट्रैक्टर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं, जबकि पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गए हैं.

मिली जानकारी के अनुसार, अंचलाधिकारी अशोक कुमार भारती अपनी टीम के साथ बालू के अवैध परिवहन की जांच के लिए निकले थे. इसी दौरान एक बालू लदे ट्रैक्टर को रोककर उसकी जांच की जा रही थी. जांच के दौरान विवाद  हुआ, जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान ट्रैक्टर चालक के सिर पर लाठी से प्रहार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. हालांकि, घटना किन परिस्थितियों में हुई और चोट कैसे लगी, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है. साथ ही मामले में अभी तक किसी अधिकारी की ओर से प्रतिक्रिया नहीं आई है. वहीं प्रशासन का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

घटना के तुरंत बाद घायल चालक को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल, कोडरमा रेफर कर दिया. अस्पताल में उसका इलाज जारी है. इस घटना के बाद स्थानीय लोगों के बीच प्रशासन की कार्रवाई को लेकर चर्चा तेज हो गई है. वहीं, प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से अभी तक इस मामले पर कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.

पुलिस ने कहा है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि घटना के दौरान वास्तव में क्या हुआ और यदि किसी स्तर पर नियमों का उल्लंघन हुआ है तो उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है.

रिपोर्ट : अरुण बरनवाल