कोडरमा (KODARMA) : जिले के तिलैया थाना क्षेत्र में हाल ही में हुई दो चेन स्नैचिंग की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में दो युवक और एक नाबालिग शामिल है.
विशेष जांच टीम का गठन किया गया.
23 जून को तिलैया थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर महिलाओं से चेन छीनने की घटनाएं हुई थीं. घटनाओं के बाद इलाके में लोगों के बीच डर और नाराजगी का माहौल था. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया.
अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय स्तर पर जुटाई गई सूचनाओं के आधार पर आरोपियों की पहचान की. इसके बाद छापेमारी कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया. पूछताछ में आरोपियों ने दोनों चेन स्नैचिंग की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली.
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में छीना गया एक सोने जैसा चेन बरामद किया है. इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल, घटना के समय पहने गए कपड़े, एक बैग और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं. पुलिस का कहना है कि बरामद सामान मामले की जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में काम करेगा.
गिरफ्तार आरोपियों में तिलैया के आजाद मुहल्ला निवासी वंश कुमार वर्मा और बिहार के गया जिले के पाईबिघा निवासी शिवम कुमार शामिल हैं. वहीं एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है, जिसके खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है.
सख्त कार्रवाई की जाएगी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अपराध नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है. चेन स्नैचिंग जैसी घटनाओं में शामिल अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल दोनों मामलों में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है और पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों का संबंध किसी अन्य आपराधिक घटना से तो नहीं है.
पुलिस की इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है और तिलैया क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों का भरोसा बढ़ा है.
रिपोर्ट - अरूण वर्णवाल
