कोडरमा (KODERMA): कोडरमा घाटी में लगातार हो रहे सड़क हादसों को कम करने के लिए अब हाईटेक सिस्टम की मदद ली जाएगी. नेशनल हाईवे पर साइन ब्लैक स्पॉट को एडवांस्ड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम यानी ATMS से लैस करने की तैयारी है. इसके तहत हाईवे पर सर्विलांस कैमरे लगाए जाएंगे, जिनकी मदद से तेज रफ्तार वाहनों पर नजर रखी जाएगी. प्रशासन के मुताबिक, जिले में होने वाले करीब 80 फीसदी सड़क हादसों की मुख्य वजह तेज रफ्तार है. इसे देखते हुए DC ने NHAI को दुर्घटना संभावित जगहों की पहचान कर वहां जल्द कैमरे लगाने का निर्देश दिया है.
हादसा होते ही कंट्रोल रूम को मिलेगा अलर्ट
ब्लैक स्पॉट की पहचान के लिए DTO और पुलिस की टीम संयुक्त रूप से सर्वे करेगी. NHAI ने भी इस दिशा में काम शुरू कर दिया है. ATMS लगने के बाद ओवरस्पीड करने वाले वाहन कैमरे की नजर में आ जाएंगे. इस सिस्टम का फायदा केवल तेज रफ्तार वाहनों की निगरानी में ही नहीं होगा. हाईवे पर हादसा होने की स्थिति में कंट्रोल रूम को तुरंत इसकी जानकारी मिल सकेगी. इससे घायल लोगों तक जल्द मदद पहुंचाने में भी आसानी होगी.
जेजे कॉलेज से बागीटांड़ तक सड़क होगी फोरलेन
जेजे कॉलेज से बागीटांड़ के बीच रोज लगने वाले जाम से भी लोगों को राहत दिलाने की तैयारी है. NHAI ने इस सड़क को फोरलेन करने का प्रस्ताव तैयार कर मंजूरी के लिए भेजा है. साथ ही सड़क पर स्ट्रीट लाइट लगाने का प्राक्कलन भी तैयार किया गया है. अभी फोरलेन सड़क जेजे कॉलेज तक ही है. इसके आगे सड़क संकरी होने और भारी वाहनों की आवाजाही के कारण अक्सर जाम की स्थिति बनती है. सड़क चौड़ी होने से इस रास्ते पर वाहनों की आवाजाही आसान होने की उम्मीद है.
चंदवारा में यात्रियों के लिए बनेगा एमिनिटीज सेंटर
चंदवारा में हाईवे से गुजरने वाले यात्रियों और लंबी दूरी के वाहन चालकों के लिए हाईवे एमिनिटीज सेंटर बनाने की भी योजना है. NHAI ने इसके लिए जमीन की मांग की है. इस सेंटर में रेस्ट रूम, फूड कोर्ट, साफ शौचालय, पार्किंग और प्राथमिक चिकित्सा जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है. इससे हाईवे पर लंबी दूरी का सफर करने वाले यात्रियों और वाहन चालकों को एक ही जगह पर जरूरी सुविधाएं मिल सकेंगी.