Jharkhand

Breaking: कोडरमा में भीषण सड़क हादसा, बोल बम श्रद्धालुओं से भरी बस ट्रक से टकराई, 3 की मौत, 30 से अधिक घायल

Admin TheNewsPost
Admin TheNewsPost
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

सतगावां/कोडरमा:  झारखंड के कोडरमा जिले के सतगावां थाना क्षेत्र अंतर्गत पोखरडीहा मोड़ के समीप शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. नेपाल से आए बोल बम श्रद्धालुओं से भरी सफारी ट्रेवल्स बस की ट्रक से आमने-सामने की टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए.

जानकारी के अनुसार, बस में नेपाल के रौतहट जिले के श्रद्धालु सवार थे. सभी श्रद्धालु देवघर और बासुकीनाथ में पूजा-अर्चना करने के बाद राजगीर की ओर लौट रहे थे. इसी दौरान शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे पोखरडीहा मोड़ के पास बस और ट्रक की जोरदार आमने-सामने की टक्कर हो गई.

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई और कई यात्री बस के अंदर फंस गए.

बच्चे समेत तीन लोगों की मौत

हादसे में तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है. मृतकों में 12 वर्षीय शिवम कुमार, पिता राजेश यादव, शामिल हैं. अन्य मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है. हादसे में कई यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं.

पुलिस और ग्रामीणों ने चलाया राहत अभियान

घटना की सूचना मिलते ही सतगावां थाना पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय ग्रामीणों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया. सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सतगावां पहुंचाया गया.

प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल यात्रियों को सदर अस्पताल, कोडरमा रेफर किया गया है. चिकित्सकों की टीम घायलों के इलाज में जुटी हुई है.

प्रशासन ने शुरू की जांच

हादसे के बाद प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया. दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है. प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और कम दृश्यता को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है.

श्रावणी यात्रा के बीच हादसे से मचा शोक

श्रावणी यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ हुए इस दर्दनाक हादसे से इलाके में शोक का माहौल है. प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को सूचना देने और घायलों को हर संभव चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है.

अरुण वर्णवाल, कोडरमा