Jharkhand

राशन कार्ड में जाति अपडेट पर लगी रोक, जानें फिर कब शुरू होगी प्रक्रिया

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

कोडरमा (KODERMA): झारखंड में राशन कार्ड में जाति की जानकारी अपडेट कराने वाले लाभुकों को फिलहाल इंतजार करना होगा. राज्य में चल रहे मतदाता सूची के SIR के कारण जनवितरण प्रणाली के तहत जारी राशन कार्ड में जाति अपडेट करने की प्रक्रिया अस्थायी रूप से स्थगित कर दी गई है. यह व्यवस्था मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन तक लागू रहेगी.

खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग के उप सचिव राम कृष्ण कुमार ने सभी जिला आपूर्ति पदाधिकारियों को इस संबंध में निर्देश जारी किया है. राज्य में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत दावों और आपत्तियों के सत्यापन का काम चल रहा है. इस प्रक्रिया को पूरा करने के लिए विभिन्न विभागों के कर्मचारियों को निर्वाचन संबंधी कार्यों में लगाया गया है.

दूसरी ओर, राशन कार्ड में जाति की जानकारी दर्ज या अपडेट कराने के लिए बड़ी संख्या में लाभुक प्रखंड और अंचल कार्यालयों में जाति प्रमाण-पत्र के लिए आवेदन कर रहे हैं. संबंधित कर्मचारियों के निर्वाचन कार्य में व्यस्त होने के कारण इन आवेदनों के निष्पादन में परेशानी आ रही है. इसी को देखते हुए जाति अपडेट की प्रक्रिया को फिलहाल रोकने का निर्णय लिया गया है.

विभाग के अनुसार, राशन कार्ड में जाति अपडेट को लेकर इससे पहले 1 जुलाई और 28 जुलाई को भी निर्देश जारी किए गए थे. अब मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से प्राप्त पत्र के आधार पर नई व्यवस्था लागू की गई है.

झारखंड में SIR-2026 के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 7 अक्टूबर 2026 को होना है. ऐसे में निर्धारित कार्यक्रम में बदलाव नहीं होने पर राशन कार्ड में जाति अपडेट की कार्रवाई तब तक स्थगित रहेगी. विभाग ने सभी जिला आपूर्ति पदाधिकारियों को आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है.