खूंटी (KHUNTI) : खूंटी प्रखंड से बड़ी खबर सामने आई है जहां SIR ड्यूटी से लौट रहे अजय महतो (45) की संदिग्ध परिस्थितियों में शव बरामद हुआ है. उनका शव खूंटी-भंडरा मार्ग पर बेलाहाथी पुल के पास सड़क किनारे मिला जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. स्थानीय लोगों की सूचना पर उन्हें तत्काल खूंटी सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया.
आपको बता दें, अजय महतो विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत मुरही पंचायत में सरकारी कार्य पूरा करने के बाद मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान बेलाहाथी पुल के समीप वे सड़क किनारे गंभीर अवस्था में पड़े मिले. राहगीरों और स्थानीय लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी.
घटना के बाद शुरुआती तौर पर इसे सड़क दुर्घटना माना जा रहा था, लेकिन परिस्थितियों ने मामले को संदिग्ध बना दिया है. मृतक के परिजनों ने इस मौत पर गंभीर सवाल उठाते हुए हत्या की आशंका जताई है. उनका कहना है कि अजय महतो के चेहरे और मुंह के पास मौजूद चोट का निशान सामान्य सड़क हादसे जैसा नहीं बल्कि गोली लगने जैसा प्रतीत होता है. परिजनों का यह भी दावा है कि शरीर पर अन्य गंभीर चोट के निशान नहीं मिले हैं, जिससे घटना पर संदेह और गहरा गया है.
घटना की जानकारी मिलते ही प्रखंड विकास पदाधिकारी ज्योति कुमारी, खूंटी थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह समेत अन्य पुलिस अधिकारी खूंटी सदर अस्पताल पहुंचे और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल और अन्य पहलुओं की जांच करते हुए साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है. मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा. वहीं, इस घटना के बाद रोजगार सेवकों और स्थानीय लोगों में भी चिंता का माहौल है. पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
