Jharkhand

पति-पत्नी का विवाद बना खूनी खेल, खूंटी में पत्नी और पड़ोसी की हत्या,पुलिस ने किया खुलासा

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

खूंटी (KHUNTI): झारखंड के खूंटी जिले में दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. यह मामला लोहरदगा के भंडरा थाना क्षेत्र की रहने वाली नेहा देवी और उनके पड़ोसी अरुण कुमार राणा की हत्या से जुड़ा है. दोनों के शव कुछ दिन पहले खूंटी थाना क्षेत्र के घाघरा स्थित तजना नदी के किनारे मिले थे, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी.

मामले की गंभीरता को देखते हुए खूंटी के एसपी ऋषभ गर्ग ने एसडीपीओ मंगल सिंह जामुदा के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुमला जिले के करंज थाना क्षेत्र के डुडिया गांव निवासी कुंदन प्रमाणिक उर्फ संजीत, जितेंद्र सिंह, रितेश चीक बड़ाईक, मदन प्रमाणिक तथा रांची जिले के बुंडू निवासी विजय रंजन शर्मा और उसकी पत्नी सती को गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किए गए दो लोहे के रॉड, एक स्कॉर्पियो वाहन, आरोपियों के मोबाइल फोन, मृतकों के मोबाइल, मृतक की मोटरसाइकिल, मृतका की चप्पल और जलाए गए कपड़ों की राख समेत कई महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं. पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी कुंदन प्रमाणिक मृतका नेहा देवी का पति है. दोनों के बीच तलाक का मामला अदालत में चल रहा था. इसके अलावा नेहा ने पति के खिलाफ गुजारा भत्ता का भी मुकदमा दर्ज कराया था, जिससे दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था.

जांच के अनुसार, नेहा देवी अपनी बहन की शादी में शामिल होने के लिए अपने बच्चे को लेने पड़ोसी अरुण कुमार राणा के साथ करंज स्थित ससुराल जा रही थीं. कुंदन को पहले से इसकी जानकारी थी. आरोप है कि उसने अपने भाई और अन्य साथियों के साथ मिलकर पहले से हत्या की साजिश रची. रास्ते में दोनों को रोककर लोहे के रॉड से हमला किया गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. इसके बाद सबूत मिटाने की नीयत से दोनों शवों को तजना नदी किनारे फेंक दिया गया. पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है. मामले की आगे की जांच जारी है.