रांची(RANCHI): खूंटी के आरसी बालक मध्य विद्यालय के प्रिन्सपल फादर बेनेडिक्ट बारला की सेहत में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है. सोमवार को डॉक्टर उन्हें वेंटिलेटर से हटाया गया. इससे पहले उनके जांच रिपोर्ट और मौजूदा मेडिकल कन्डिशन का आकलन किया गया. अब डॉक्टरों को लगेगा कि उनकी हालत इसके लिए ठीक है, तो उनको जल्द ही अस्पताल से छुट्टी भी मिल सकती है.
हालत ठीक रही तो जल्द मिल सकती है छुट्टी
फादर बारला का इलाज रांची के पल्स अस्पताल में चल रहा है. अस्पताल के मैनेजिंग डायरेक्टर अभिषेक झा के मुताबिक, उनके मस्तिष्क में खून का थक्का जम गया है. डॉक्टर दवाओं की मदद से इसे हटाने का प्रयास कर रहे हैं. इस प्रक्रिया में समय लग सकता है. न्यूरोलॉजिस्ट समेत डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है. सोमवार को जांच रिपोर्ट देखने के बाद इलाज को लेकर आगे का फैसला लिया जाएगा. अस्पताल प्रबंधन को उम्मीद है कि अगर फादर बारला की हालत में सुधार जारी रहता है और कोई नई परेशानी सामने नहीं आती है, तो उन्हें एक-दो दिन में छुट्टी देने पर विचार किया जा सकता है. हालांकि, अभी इसे लेकर अंतिम फैसला नहीं हुआ है. पहले वेंटिलेटर से हटाने के बाद उनकी स्थिति कैसी रहती है, यह देखना जरूरी होगा.
20 अक्टूबर की रात हुआ था हमला
फादर बेनेडिक्ट बारला पर 20 अक्टूबर की रात स्कूल परिसर में हमला हुआ था. अगले दिन सुबह वह विद्यालय के कार्यालय में गंभीर रूप से घायल और बेहोशी की हालत में मिले थे. उनके सिर पर भारी वस्तु से वार किया गया था, जिससे उन्हें गंभीर चोट लगी और दिमाग में खून का थक्का जम गया. इसके बाद उन्हें खूंटी सदर अस्पताल ले जाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची के पल्स अस्पताल में भर्ती कराया गया. फिलहाल सभी की नजरें उनकी सेहत में सुधार और डॉक्टरों के अगले फैसले पर टिकी हैं.