खूंटी (KHUTI): जिले में रविवार सुबह पुलिस और पीएलएफआई (पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया) के एक उग्रवादी के बीच मुठभेड़ की घटना सामने आई. यह कार्रवाई कर्रा-जरियागढ़ सीमा क्षेत्र के जंगलों में उस समय हुई, जब पुलिस गिरफ्तार उग्रवादी श्रवण दास की निशानदेही पर हथियार बरामद करने पहुंची थी.
श्रवण दास पर क्षेत्र में फायरिंग, वाहनों में आगजनी और ठेकेदारों से लेवी वसूली जैसी कई आपराधिक घटनाओं में शामिल होने के आरोप हैं. हाल ही में उसे पुलिस ने गिरफ्तार किया था. पूछताछ के दौरान उसने खुलासा किया कि जरियागढ़ इलाके में बड़ी मात्रा में हथियार छिपाकर रखे गए हैं. इसके बाद पुलिस की एक विशेष टीम उसे लेकर हथियारों की बरामदगी के लिए जंगल क्षेत्र में पहुंची.
तलाशी अभियान के दौरान श्रवण दास ने अचानक एक जवान की राइफल छीन ली और जंगल की ओर भागने लगा. भागते समय उसने पुलिस टीम पर फायरिंग भी की. खुद को बचाने और स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की. इस दौरान चली गोली श्रवण दास के पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा.
घटना के बाद पुलिस ने उसे दोबारा अपने कब्जे में ले लिया और तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया. मुठभेड़ की सूचना मिलते ही जिले के पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने मौके से तीन हथियार भी बरामद किए हैं. बरामद हथियारों और पूरे मामले की जांच जारी है. अधिकारियों का कहना है कि उग्रवादी नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है.
