☰
Jharkhand

झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी पहुंचे धनबाद, झरिया विधानसभा क्षेत्र में लिया तैयारियों का जायजा,जानिए क्या दिए निर्देश?

Satya Bhushan Singh   Dhanbad
Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist

धनबाद(DHANBAD): झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने झरिया विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में कोयला खनन के कारण एक से अधिक बार विस्थापित लोगों का एसआईआर के तहत सत्यापन कार्य का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्र संख्या 14- उत्क्रमित मध्य विद्यालय भेदाकाटा, 22- मध्य विद्यालय इंडस्ट्री कोलियरी पूर्व भाग एवं 41- प्राथमिक विद्यालय विक्ट्री के क्षेत्रों में वर्तमान में निवास कर रहे लोगों एवं विस्थापित मतदाताओं की जानकारी सही तरीके से एकत्रित की जा रही है अथवा नहीं, इसकी पड़ताल की.  उन्होंने बीएलओ द्वारा किए जा रहे डोर-टू-डोर वेरिफिकेशन तथा विस्थापित एवं वर्तमान निवासियों से संबंधित जानकारी के संकलन की भी समीक्षा की.  निरीक्षण के क्रम में उन्होंने पाया कि इन क्षेत्रों में अभी भी ऐसे पात्र भारतीय नागरिक निवास कर रहे हैं, जिनका नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सका है. 

डोर-टू-डोर वेरिफिकेशन के कार्य पर असंतोष जताया 

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने डोर-टू-डोर वेरिफिकेशन के कार्य पर असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि इन क्षेत्रों में सत्यापन का कार्य संतोषजनक ढंग से नहीं किया जा रहा है.  कई ऐसे पात्र भारतीय नागरिक हैं, जिनके पास आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध हैं, लेकिन डोर-टू-डोर वेरिफिकेशन के दौरान उनके दस्तावेज प्राप्त नहीं किए गए हैं.  वहीं, दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने के कारण निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी स्तर से सुनवाई की प्रक्रिया पूरी नहीं की गई हैं.  इसके साथ साथ 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके पात्र भारतीय नागरिकों को भी मतदाता सूची में जोड़ने के लिए  फॉर्म 6 उपलब्ध नहीं कराए गए हैं.  उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि नए एवं अब तक मतदाता सूची में शामिल होने से छूटे सभी पात्र भारतीय नागरिकों को सूची में शामिल करने के लिए गंभीरता से कार्य करें.  इस महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की खानापूर्ति नहीं होनी चाहिए. प्रत्येक पात्र भारतीय नागरिक का मतदाता सूची में नाम शामिल होना उनका संवैधानिक अधिकार है.  पदाधिकारियों की लापरवाही अथवा कार्य में खानापूर्ति के कारण एक भी पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित नहीं रहना चाहिए.

स्थानीय लोगों से भी संवाद किया और उन्हें सुझाव दिए 

निरीक्षण के क्रम में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने संबंधित मतदान केंद्रों पर उपस्थित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बीएलए-2 से भी मुलाकात की.  उन्होंने उनसे प्रत्येक पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए लोगों को प्रेरित करने एवं इस कार्य में आवश्यक सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया।  इसके अतिरिक्त, मतदान केंद्र क्षेत्रों के भौतिक निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से भी संवाद किया तथा उन्हें मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने के लिए प्रेरित किया. इस अवसर पर धनबाद जिला के उप निर्वाचन पदाधिकारी, झरिया विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, संबंधित मतदान केंद्रों के बीएलओ सुपरवाइजर एवं बीएलओ उपस्थित थे.