जामताड़ा(JAMTARA): जिले के करमाटांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत कालाझरिया के समीप जामुनतर गांव में सोमवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद होने से आसपास के लोगों में सनसनी फैल गई. शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई. जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह गांव के कुछ लोगों को इलाके में तेज दुर्गंध महसूस हुई. दुर्गंध का स्रोत जानने के लिए जब ग्रामीण आसपास के क्षेत्र में पहुंचे और खोजबीन शुरू की, तो झाड़ियों के बीच एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला. शव की स्थिति देखकर ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना करमाटांड़ थाना पुलिस को दी.
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विकास कुमार तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जामताड़ा सदर अस्पताल भेज दिया. घटनास्थल के आसपास भी पुलिस ने जांच-पड़ताल की और स्थानीय लोगों से पूछताछ की. ग्रामीणों के अनुसार शव काफी दिनों पुराना प्रतीत हो रहा था और उससे तेज दुर्गंध निकल रही थी. प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति की मौत चार से पांच दिन पहले हुई होगी. हालांकि मौत के सही समय और कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी.
समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई थी. पुलिस मृतक की शिनाख्त के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों से संपर्क कर रही है और गुमशुदगी से संबंधित मामलों की भी जांच की जा रही है. थाना प्रभारी विकास कुमार तिवारी ने बताया कि फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मौत स्वाभाविक थी, दुर्घटना का परिणाम थी या फिर इसके पीछे कोई आपराधिक कारण है. पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने का दावा कर रही है
