जामताड़ा: जामताड़ा-मिहिजाम मुख्य मार्ग पर बेवा फाटक के पास गुरुवार को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी तेज थी कि हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए. दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास के लोगों ने घटनास्थल पर पहुंचकर घायलों की मदद की और एंबुलेंस के जरिए सभी को जामताड़ा सदर अस्पताल पहुंचाया.
जानकारी के मुताबिक, मिहिजाम थाना क्षेत्र के गौराईनाला गांव निवासी उत्पल मंडल बाइक से जामताड़ा की ओर से अपने घर वापस लौट रहे थे. इसी दौरान बेवा फाटक के नजदीक सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी मोटरसाइकिल की सीधी टक्कर हो गई. भिड़ंत के बाद दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
हादसे में उत्पल मंडल के सिर के अलावा शरीर के अंदरूनी हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई थीं. उन्हें तत्काल सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. अताउल ने उपचार शुरू किया. हालांकि, उनकी हालत बेहद नाजुक बनी रही. इलाज के दौरान ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार बिंदापाथर थाना क्षेत्र के भुगीकाटा निवासी सुधीर सिंह और करमाटांड़ थाना क्षेत्र के बनकटी गांव निवासी कपिल राय भी दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए हैं. दोनों के सिर में चोट लगी है. चिकित्सकों ने उनकी स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल में रेफर करने की सलाह दी. हालांकि, परिजनों ने फिलहाल सदर अस्पताल में ही उनका इलाज जारी रखने का फैसला किया.
परिजनों के अनुसार, उत्पल मंडल रात में नाइट गार्ड के तौर पर काम करते थे. दिन के समय वह फेरी लगाकर अपने परिवार की जरूरतें पूरी करते थे. परिवार के लिए कमाने वाले सदस्य की अचानक मौत से घर में मातम पसरा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
घटना की जानकारी मिलने के बाद मिहिजाम थाना के सब इंस्पेक्टर अलीत सागर करकेटा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों मोटरसाइकिलों को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. अस्पताल में मृतक से संबंधित आवश्यक कागजी प्रक्रिया भी पूरी की गई.
इधर, जामताड़ा-दुमका मुख्य मार्ग पर भी एक अलग सड़क हादसा होने की सूचना है. बताया गया कि बाइक अनियंत्रित होने के कारण मनोज मुर्मू और श्रीराम बास्की घायल हो गए. दोनों का इलाज अस्पताल में चल रहा है. पुलिस इन घटनाओं से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है.
