Jharkhand

जामताड़ा में पलटा ट्रैक्टर, चालक की इलाज के दौरान मौत

Diksha Benipuri
Diksha Benipuri
Copy Editor

जामताड़ा (JAMTADA): जिले के नाला थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई. दुर्घटना कास्ता-अफजलपुर मार्ग पर बड़डंगाल गांव के पास हुई, जहां अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया. हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में इलाज के दौरान उसकी जान चली गई. मृतक की पहचान शेख अकबर के रूप में की गई है. घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह शेख अकबर ट्रैक्टर लेकर कास्ता-अफजलपुर मार्ग से गुजर रहे थे. इसी दौरान बड़डंगाल गांव के समीप ट्रैक्टर अचानक असंतुलित होकर सड़क पर पलट गया. हादसा इतना गंभीर था कि चालक ट्रैक्टर के इंजन वाले हिस्से के नीचे दब गया. दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत और बचाव का प्रयास शुरू किया.

ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद चालक को ट्रैक्टर के नीचे से बाहर निकाला. हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आई थीं. स्थानीय लोगों की मदद से घायल शेख अकबर को तत्काल पश्चिम बंगाल के केलेजोड़ा स्थित अस्पताल पहुंचाया गया. वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया. उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें आसनसोल रेफर कर दिया.

इसके बाद परिजन और अन्य लोग घायल चालक को लेकर आसनसोल अस्पताल पहुंचे. वहां उनका इलाज शुरू किया गया, लेकिन इलाज के दौरान ही शेख अकबर ने दम तोड़ दिया. मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

हादसे की सूचना मिलने के बाद स्थानीय स्तर पर भी लोगों की भीड़ जुट गई. फिलहाल दुर्घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. यह पता नहीं चल पाया है कि ट्रैक्टर किस कारण से अनियंत्रित होकर पलटा. पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है. हादसे के बाद गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है.