Jharkhand

जामताड़ा में साइबर ठगी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, एक अपराधी गिरफ्तार

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

जामताड़ा (JAMTARA): जिले से साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई कि है और लगातार सक्रिय भी है. इसी अभियान के तहत पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर एक साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी के पास से चार मोबाइल फोन और पांच सिम कार्ड बरामद किए गए हैं. पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह को मिली सूचना के बाद साइबर थाना और करमाटांड़ थाना की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की. थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया और करमाटांड़ थाना क्षेत्र के सकलपुर से बरमुण्डी जाने वाले रास्ते में भेलाटांड़ स्थित पोखर के पास छापेमारी की गई. पुलिस ने बांस झुंड में ट्रांसफॉर्मर पोल के समीप से आरोपी को गिरफ्तार किया.

बता दें, गिरफ्तार आरोपी की पहचान 27 वर्षीय महाताब अंसारी निवासी बरमुण्डी, थाना करमाटांड़, जिला जामताड़ा के रूप में हुई है. पुलिस की पूछताछ और जांच में आरोपी के साइबर ठगी करने के तरीके का भी खुलासा हुआ है. बताया गया कि आरोपी लोगों को एसबीआई क्रेडिट कार्ड बंद होने और नया क्रेडिट कार्ड जारी कराने के नाम पर अपने झांसे में लेता था. इसके बाद वह लोगों के मोबाइल फोन में APK फाइल डाउनलोड करवाता था. इस फाइल के जरिए वह क्रेडिट कार्ड से जुड़ी गोपनीय जानकारी हासिल कर लोगों के साथ साइबर ठगी करता था. पुलिस के अनुसार, आरोपी का नेटवर्क और ठगी का कार्यक्षेत्र देश के कई राज्यों तक फैला हुआ था.

इस मामले में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 55/26 के तहत बीएनएस 2023, आईटी एक्ट और टेलीकम्युनिकेशन एक्ट की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है. छापेमारी टीम में साइबर अपराध थाना प्रभारी राजेश मंडल, पुलिस निरीक्षक मनीष कुमार गुप्ता, पुलिस अवर निरीक्षक हीरालाल महतो समेत रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे. पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके नेटवर्क और साइबर ठगी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है. जांच के बाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बैंक, क्रेडिट कार्ड या किसी वित्तीय सेवा के नाम पर आने वाले संदिग्ध लिंक या APK फाइल डाउनलोड न करें. साथ ही बैंकिंग और कार्ड से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करने की सलाह दी गई है.