जामताड़ा (JAMTARA): चेंगायडीह गांव से एक घटना सामने आई है जहां तालाब में नहाने गए तीन मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई. हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है. बताया जा रहा है कि तीनों बच्चे आपस में दोस्त थे और घर से करीब आधा किलोमीटर दूर स्थित तालाब में नहाने पहुंचे थे. नहाने के दौरान तीनों अचानक गहरे पानी में चले गए और डूब गए. बच्चों के डूबने की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीण तालाब के पास पहुंचे और उन्हें बाहर निकालने की कोशिश शुरू की. काफी प्रयास के बाद तीनों बच्चों को तालाब से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी.
बता दें, मृतकों की पहचान चेंगायडीह गांव निवासी आर्यन अंसारी (5), पिता जसीमुद्दीन अंसारी, नासिर अंसारी (6), पिता तबारक अंसारी और अमर सोहेल (6), पिता सजाउदीन अंसारी के रूप में हुई है. तीनों बच्चों की मौत की खबर जैसे ही उनके घरों तक पहुंची, वहां चीख-पुकार मच गई. परिवार के लोग बच्चों को खोने के गम में बेसुध हो गए. एक साथ तीन बच्चों की मौत से गांव के लोग भी सदमे में हैं. स्थानीय लोगों के मुताबिक, बच्चे अक्सर आसपास खेलते थे और इसी दौरान तालाब में नहाने चले गए. हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है.
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ हादसे की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है. तीनों बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है. पुलिस की जांच के बाद ही हादसे से जुड़ी पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. वहीं, इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और मृतक बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीणों ने छोटे बच्चों को तालाब और दूसरे जलस्रोतों के आसपास अकेले जाने से रोकने की अपील की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके.
