☰
Jharkhand

जामताड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, साइबर ठगी करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

जामताड़ा (JAMTARA): जिले में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस उपाधीक्षक (साइबर अपराध) अमित कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया. टीम ने जामताड़ा थाना क्षेत्र के सोनबाद और मिहिजाम थाना क्षेत्र के बेवा जंगल के पास छापेमारी कर तीन शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया. पुलिस ने आरोपियों के पास से 6 मोबाइल फोन, 8 सिम कार्ड, 2 एटीएम कार्ड और एक मोटरसाइकिल बरामद की है. गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद साइबर ठगी के नेटवर्क से जुड़े कई अहम सुराग भी पुलिस के हाथ लगे हैं.

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम कार्ड बंद होने का डर दिखाकर लोगों को फोन करते थे और केवाईसी अपडेट कराने के नाम पर उनकी गोपनीय बैंकिंग जानकारी हासिल कर ठगी को अंजाम देते थे. इसके अलावा आरोपी अमेजॉन पे (Amazon Pay) ऐप पर 10 अंकों का मोबाइल नंबर सर्च कर लोगों से संपर्क करते थे और ई-वॉलेट केवाईसी अपडेट कराने का झांसा देकर साइबर ठगी करते थे. शुरुआती जांच में पता चला है कि इनका नेटवर्क केवल झारखंड तक सीमित नहीं था, बल्कि देश के विभिन्न राज्यों में बैठे लोगों को भी निशाना बनाया जाता था. पुलिस अब इनके अन्य साथियों और पूरे गिरोह की तलाश में जुटी है.

इसके साथ ही पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर गठित विशेष टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए तीनों साइबर अपराधियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया. उन्होंने कहा कि आरोपियों के कब्जे से बरामद मोबाइल, सिम कार्ड और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की तकनीकी जांच की जा रही है, जिससे साइबर ठगी के नेटवर्क का और खुलासा हो सके. इस मामले में साइबर थाना कांड संख्या 48/26 दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है. पुलिस का कहना है कि साइबर अपराध के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

रिपोर्ट- आर पी सिंह