Jharkhand

जामताड़ा: 16 पुलिस अधिकारियों का तबादला, साइबर थाना को मिले 7 नए अधिकारी

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

जामताड़ा(JAMTARA): जिले में कानून व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस विभाग ने 16 पदाधिकारियों का स्थानांतरण और नव पदस्थापन किया है. पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार, इनमें से नौ अधिकारियों को जिले के अलग-अलग थानों में नई जिम्मेदारी दी गई है. वहीं, साइबर अपराध से जुड़े मामलों के अनुसंधान में तेजी लाने के लिए छह पुलिस अवर निरीक्षकों और एक पुलिस निरीक्षक को साइबर अपराध थाना, जामताड़ा में पदस्थापित किया गया है. सभी अधिकारियों को अपने नए पदस्थापन स्थल पर तत्काल योगदान देने का निर्देश दिया गया है. योगदान के बाद अधिकारियों को अनुपालन प्रतिवेदन भी कार्यालय में जमा करना होगा. इस फेरबदल को जिले की पुलिसिंग व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

आदेश के तहत पुलिस अवर निरीक्षक जाहिद अंसारी को पुलिस केंद्र से जामताड़ा थाना, अमृत कुमार राम को साइबर अपराध थाना से नारायणपुर थाना, वैभव सिंह को साइबर अपराध थाना से करमाटांड़ थाना और प्रकाश सेठ को साइबर अपराध थाना से मिहिजाम थाना भेजा गया है. इसके अलावा चंदन कुमार तिवारी को फतेहपुर थाना, सहायक अवर निरीक्षक सुखनाथ भगत को मिहिजाम थाना, सिद्धो सोरेन को महिला थाना जामताड़ा, मुन्ना कुमार सिंह को नारायणपुर थाना और छोटेलाल कुमार को मिहिजाम थाना में पदस्थापित किया गया है. वहीं, साइबर अपराध थाना में अमित कुमार, कृष्णा कुमार, पुष्पेश्वर दास, गुलशन कुमार सिंह, अनिल अभिषेक और विकास कुमार तिवारी को नई जिम्मेदारी दी गई है. पुलिस निरीक्षक सुशील टुडू को भी पुलिस केंद्र से साइबर अपराध थाना भेजा गया है.

साइबर अपराध थाना में सात अधिकारियों की तैनाती का मुख्य उद्देश्य साइबर अपराध और आईटी एक्ट से जुड़े मामलों के अनुसंधान को गति देना है. जामताड़ा में साइबर अपराध के मामले लगातार पुलिस के लिए चुनौती बने हुए हैं. ऐसे में अतिरिक्त अधिकारियों की तैनाती से लंबित मामलों की जांच में तेजी आने और अनुसंधान की गुणवत्ता बेहतर होने की उम्मीद है. पुलिस विभाग के इस प्रशासनिक फेरबदल से एक ओर जहां विभिन्न थानों में अधिकारियों की उपलब्धता बढ़ेगी, वहीं दूसरी ओर साइबर अपराध से जुड़े मामलों की निगरानी और जांच को भी मजबूती मिलेगी. विभाग ने सभी नव पदस्थापित अधिकारियों से तत्काल अपनी नई जिम्मेदारी संभालने और निर्धारित प्रक्रिया के तहत अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है.