Jharkhand

जमशेदपुर में पुलिस के खिलाफ सड़क पर उतरा युवक,  जानिए पूरा मामला

Rohit Kumar Sr. Correspondent
Rohit Kumar Sr. Correspondent
Copy Editor

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर में एक युवक गुरुवार की सुबह पुलिस के खिलाफ सड़क पर उतर आया. इस दौरान उसने पुलिस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया. कई स्थानीय लोगों भी युवक का साथ दिया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की. मामला टेल्को थाना क्षेत्र का है. प्रकाश नगर निवासी युवक संतोष सिंह ने पुलिस गश्ती दल के वाहन चालक पर कथित तौर पर रुपये मांगने का आरोप लगाते हुए सड़क पर विरोध जताया. विरोध प्रदर्शन के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ. टेल्को पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह युवक को समझाबुझा कर मामला शांत कराया और जाम हटवाया.  युवक ने कहा कि वह बुधवार देर रात टेल्को प्लाजा इलाके से अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान गश्ती कर रही पुलिस टीम ने उसकी बाइक को रोक लिया. पुलिस ने बाइक के पीछे नंबर प्लेट नहीं होने का हवाला देते हुए वाहन को जब्त कर थाना भेज दिया. उसके पास बाइक के सभी जरूरी कागजात मौजूद थे, बावजूद इसके वाहन को अपने कब्जे में ले लिया गया.

10 हजार रुपए मांगने का आरोप
युवक ने आरोप लगाया कि बाद में बाइक छोड़ने के एवज में उससे 10 हजार रुपये की मांग की गई. रुपये नहीं देने पर वाहन छोड़ने में अनावश्यक देरी की जा रही थी. इसी बात से नाराज होकर वह गुरुवार सुबह बाइक के दस्तावेज लेकर टेल्को प्लाजा रोड पहुंचा और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया.
सड़क किनारे युवक के बैठने और आरोप लगाने की सूचना फैलते ही आसपास के लोग भी वहां जुटने लगे. कुछ समय के लिए सड़क पर आवागमन प्रभावित हुआ और स्थिति तनावपूर्ण हो गई. युवक ने आरोप लगाया कि गश्ती वाहन के चालक ने 10 हजार रुपए मांगे. इधर, मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को मामले की जांच कराने तथा उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया. आश्वासन मिलने के बाद युवक ने अपना विरोध प्रदर्शन समाप्त कर दिया, जिसके बाद यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.