☰
Jharkhand

टाटानगर स्टेशन के बाहर तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आया युवक, मौके पर मौत

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

जमशेदपुर( JAMSHEDPUR): टाटानगर रेलवे स्टेशन के बाहर शुक्रवार देर रात हुए सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई. हादसा स्टेशन के एग्जिट गेट के पास उस समय हुआ, जब युवक सड़क पार करने की कोशिश कर रहा था. इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रेलर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. मृतक की पहचान बागबेड़ा थाना क्षेत्र के संजय नगर निवासी लाल यादव के रूप में हुई है.

रात करीब डेढ़ बजे हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, लाल यादव देर रात करीब 1:30 बजे टाटानगर रेलवे स्टेशन से बाहर निकला था. स्टेशन के बाहर सड़क पार करते समय वह डिवाइडर पार करने का प्रयास कर रहा था. इसी दौरान चाईबासा बस स्टैंड की दिशा से जुगसलाई की ओर जा रहा एक ट्रेलर वहां पहुंचा और लाल यादव को अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर गंभीर होने के कारण युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल की जांच करने के बाद शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मृतक की पहचान होने के बाद उसके परिवार को भी हादसे की सूचना दी गई. बताया जा रहा है कि लाल यादव कचरा चुनकर अपना जीवनयापन करता था. उसकी अचानक मौत की खबर मिलने के बाद परिवार में शोक का माहौल है.

ट्रेलर चालक के बारे में जानकारी जुटा रही पुलिस

पुलिस अब हादसे में शामिल ट्रेलर और उसके चालक से जुड़ी जानकारी जुटा रही है. दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और वाहन की रफ्तार कितनी थी, इन पहलुओं को भी जांच के दायरे में रखा गया है. मामले में आगे की कार्रवाई पुलिस की जांच के आधार पर की जाएगी. देर रात हुए इस हादसे के बाद टाटानगर स्टेशन के आसपास सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चर्चा शुरू हो गई है. स्थानीय लोगों ने स्टेशन क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही और पैदल सड़क पार करने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है.

रिपोर्ट – रंजीत ओझा