Jharkhand

पोटका में ट्रक ने युवक को रौंदा, विरोध में टाटा-हाता मुख्य मार्ग जाम

Rohit Kumar Sr. Correspondent
Rohit Kumar Sr. Correspondent
Copy Editor

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका में रविवार को भीषण सड़क हादसा हुआ. सड़क पर चल रहे एक युवक को ट्रक ने रौंद दिया. इसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और टाटा-हाता मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. घटना टाटा-हाता मुख्य मार्ग स्थित पावरू मोड़ के पास हुई. घटना के बाद ट्रक के चालक को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया और उसे बंधक बना लिया. इसके बाद सड़क जाम कर लोग मृतक के आश्रित को उचित मुआवजा और ट्रक चालक पर कार्रवाई की मांग करने लगे. सड़क अभी तक जाम है और पुलिस लोगों को समझाने का प्रयास में जुटी है. आक्रोशित लोगों ने शव अभी तक उठाने नहीं दिया है. 

मृत युवक की पहचान राजनगर थाना क्षेत्र के उरुगुट्टू निवासी सुमन मंडल के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि युवक किसी काम से रविवार को पोटका आया था. पावरू मोड़ के पास सड़क पर युवक पैदल चल रहा था, इसी दौरान और नियंत्रित ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. वह ट्रक के चक्के के नीचे आ गया. घटना के बाद लोग एकजुट हुए और ट्रक के चालक को पकड़ लिया. आक्रोशित लोगों ने ट्रक में तोड़फोड़ भी की. लोगों के आक्रोश को देखते हुए मौके पर भारी संख्या में फोर्स तैनात किया गया है. 

इधर, लोगों द्वारा सड़क को जाम करने के कारण टाटा - हाता मुख्य मार्ग पर आवागमन ठप हो गया. सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई. इससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. वहीं, घटना के विरोध में लोग अब भी सड़क पर बैठे हुए है. पोटका पुलिस लोगों को मनाने में जुटी है.