Jharkhand

जमशेदपुर में पैसों की लेनदेन को लेकर हुई थी युवक की हत्या, एएसआई की संलिप्तता नहीं आई सामने

Rohit Kumar Sr. Correspondent
Rohit Kumar Sr. Correspondent
Copy Editor

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर के उलीडीह थाना क्षेत्र के शंकोशाई रोड नंबर 4 स्थित खड़िया बस्ती में राजनगर के युवक देवदास गौड़ (21) की गोलीमार हत्या मामले का खुलासा पुलिस ने कर लिया है. इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपी राजनगर निवासी देवाशीष प्रधान, उलीडीह निवासी नीरज प्रधान और शिवा गौड़ को गिरफ्तार किया है. उनके पास से घटना में प्रयुक्त देसी पिस्तौल, एक खोखा और थार गाड़ी आदि बरामद किया है. नीरज प्रधान इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी है. नीरज ने ही देवदास को गोली मारी थी. बुधवार की देर शाम पटमदा डीएसपी दयानंद कुमार ने पूरे मामले का खुलासा किया. उन्होंने बताया कि गोली नीरज प्रधान के घर पर ही चली थी. गिरफ्तार तीनों आरोपी के अलावा मृतक साथ में बैठ नीरज प्रधान के घर में शराब पी रहे थे. इसी बीच पैसों की लेनदेन को लेकर नीरज और देवदास के बीच विवाद हो गया. इसके बाद नीरज प्रधान ने देवदास को गोली मार दी. फिर अपने साथियों के साथ देवदास को खुद ही लेकर एमजीएम पहुंचा. इधर, बुधवार को देवदास के शव का पोस्टमार्टम कराया गया. परिजनों के बयान पर इस मामले में उलीडीह थाना में एक केस दर्ज किया गया है.

एएसआई नहीं थे घटना में शामिल
हत्या की इस घटना में सरायकेला- खरसावां जिले के आरआईटी थाना के एएसआई पंकज कुमार की संलिप्तता सामने नहीं आई है. पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया. उलीडीह थाना प्रभारी शरीक अली ने बताया कि एएसआई मुख्य आरोपी नीरज प्रधान के पड़ोसी है. घटना के बाद नीरज ने उनसे मदद मांगी थी. इसलिए एएसआई उनके साथ अस्पताल गए थे. घटना के दौरान वे मौके पर मौजूद नहीं थे. उनसे पूछताछ की गई, लेकिन घटना में उनकी संलिप्तता सामने नहीं आई. वे ड्यूटी से देर रात घर लौटे थे. इसी दौरान नीरज ने पूरी घटना उन्हें बताई और मदद के लिए अस्पताल जाने को कहा.

क्या है मामला
मंगलवार की देर रात गोली लगने के घायल एक युवक देवदास गौड़ को इलाज के लिए कुछ युवकों ने एमजीएम अस्पताल पहुंचाया. उसे अस्पताल में भर्ती कराने के बाद उसके साथी वहां से भाग रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया. आरोपियों ने पहले पुलिस को बरगलाने का प्रयास किया और घटना स्थल एमजीएम थाना क्षेत्र के बालीगुमा बताया. लेकिन जांच में घटना स्थल खड़िया बस्ती निकली. घायल को अस्पताल में भर्ती कराने आरआईटी थाना के एएसआई पंकज कुमार भी एमजीएम पहुंचे थे. पुलिस ने उन्हें भी हिरासत में लिया रहा.