Jharkhand

जमशेदपुर के डिमना डैम में नहाने गए युवक की डूबने से मौत, परिवार में मचा कोहराम

Priyanka Kumari CE
Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer

जमशेदपुर(JAMSHEDPUR):जमशेदपुर के डिमना डैम में शुक्रवार सुबह डूबने से सोनारी कागलनगर निवासी 22 वर्षीय आयुष कुमार की मौत हो गई.इस हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया.पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे मृतक की मां और छोटे भाई का रो-रोकर बुरा हाल था.जानकारी के अनुसार आयुष कुमार शुक्रवार सुबह अपने छोटे भाई पीयूष के साथ डिमना लेक घूमने गया था. घूमने के दौरान दोनों भाई नहाने के लिए डैम में उतर गए.इसी बीच आयुष गहरे पानी की ओर चला गया और देखते ही देखते डूबने लगा. छोटे भाई ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हो सका.इसके बाद आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी.

परिजनों का रो रोकर बुरा हाल

सूचना मिलते ही बोड़ाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची.स्थानीय लोगों की मदद से काफी प्रयास के बाद आयुष का शव डैम से बाहर निकाला गया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया.बताया जाता है कि आयुष एक निजी कंपनी में कार्यरत था और परिवार का सहारा था.उसकी असामयिक मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. पोस्टमार्टम हाउस में मां और छोटे भाई की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया.

पुलिस ने लोगों से की ये खास अपील

बोड़ाम थाना पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है.पुलिस ने लोगों से अपील की है कि डैम, नदी और अन्य जलाशयों में नहाते समय पूरी सावधानी बरतें तथा गहरे पानी में जाने से बचें, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके.

रिपोर्ट-रंजीत ओझा