Jharkhand

टाटानगर स्टेशन पर ट्रेन की छत पर चढ़ा युवक, हाईटेंशन तार की चपेट में आकर झुलसा,पढ़ें पूरी खबर

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR) : टाटानगर रेलवे स्टेशन पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब करीब 30 वर्षीय एक युवक खड़ी टाटा-दानापुर एक्सप्रेस की छत पर चढ़ गया. ट्रेन की छत पर युवक को देखकर प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्री और रेलकर्मी हैरान रह गए. लोगों ने उसे नीचे उतरने के लिए काफी समझाया लेकिन वह उनकी बात मानने को तैयार नहीं हुआ.

लोगों ने आवाज लगाकर नीचे उतरने को कहा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक की पहचान सागु राम के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि वह अचानक ट्रेन के ऊपर चढ़ गया और कुछ देर तक छत पर घूमता रहा. उसे ऐसा करते देख लोगों ने आवाज लगाकर नीचे उतरने को कहा. इसके बावजूद युवक ट्रेन की छत पर ही रहा. इसी दौरान वह ट्रेन के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन विद्युत तार की चपेट में आ गया. तेज बिजली का झटका लगने से युवक बुरी तरह झुलस गया. करंट लगने के बाद उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन की छत से नीचे गिर पड़ा. घटना होते ही स्टेशन पर मौजूद यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया.

इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया

हादसे के बाद रेलकर्मी और आसपास मौजूद लोग तुरंत युवक की मदद के लिए पहुंचे. उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया  जहां उसका उपचार जारी है. मिली जानकारी के अनुसार फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है. इस घटना ने एक बार फिर रेलवे स्टेशन और ट्रेनों के आसपास सुरक्षा नियमों का पालन करने की जरूरत को सामने रखा है. रेलवे ट्रैक के ऊपर से गुजरने वाले बिजली के तारों में बेहद खतरनाक वोल्टेज रहता है. इनके संपर्क में आने से गंभीर चोट लग सकती है और जान भी जा सकती है.

रेलवे की ओर से यात्रियों को लगातार चेतावनी दी जाती है कि वे किसी भी परिस्थिति में ट्रेन की छत पर न चढ़ें और रेलवे सुरक्षा नियमों का पालन करें.

रिपोर्ट - रंजीत कुमार ओझा