Jharkhand

साइबर ठगी के मामले में जमशेदपुर से युवक गिरफ्तार, चंडीगढ़ सीबीआई ने की कार्रवाई

Rohit Kumar Sr. Correspondent
Copy Editor
साइबर ठगी के मामले में जमशेदपुर से युवक गिरफ्तार, चंडीगढ़ सीबीआई ने की कार्रवाई

जमशेदपुर (Jamshedpur): साइबर ठगी के मामले में चंडीगढ़ की सीबीआई ने जमशेदपुर में बड़ी कार्रवाई की है. झारखंड सीबीआई की मदद से जमशेदपुर में छापेमारी कर एक युवक को गिरफ्तार किया है. परसुडीह थाना क्षेत्र के कीताडीह निवासी टी शरत को पकड़ा गया है. इसके बाद उसे रांची कोर्ट में प्रस्तुत किया गया और ट्रांजिट रिमांड पर सीबीआई उसे अपने साथ चंडीगढ़ ले गई.  टी शरत पर आरोप है कि वह साइबर ठगी के पैसे अपने खाते में मंगवाता था. इसके लिए वह 2 प्रतिशत कमीशन लेता था. डिजिटल अरेस्ट कर साइबर ठगी की रकम करीब डेढ़ लाख रुपए टी शरत ने अपने खाते में मंगवाए थे. 
जानकारी के अनुसार चंडीगढ़ के बिजली विभाग के रिटायर्ड कार्यपालक अभियंता सुखविंद्र सिंह से 2 करोड़ रुपए की साइबर ठगी हुई थी. ठगों ने उन्हें डिजिटल अरेस्ट किया था और ठगी की घटना को अंजाम दिया था. उनके खाते से रिटायरमेंट में मिली रकम कुल 9 बार में ट्रांसफर साइबर अपराधियों ने करवाए थे. इसके बाद ठगी के पैसे 60 अलग अलग लोगों के खाते में डाले गए थे. इसमें टी शरत भी शामिल था. इस मामले को लेकर चंडीगढ़ की सीबीआई ने गोलमुरी थाना क्षेत्र में भी छापेमारी की थी. कार्यपालक अभियंता से ठगी में जिस सिम का इस्तेमाल हुआ था, वह गोलमुरी निवासी राजदीप सिंह के नाम पर था. सीबीआई ने राजदीप से भी इस संबंध में पूछताछ की थी. दो दिनों तक यहां छापेमारी करने के बाद चंडीगढ़ सीबीआई ने टी शरत को गिरफ्तार किया. उससे पूछताछ की जा रही है.