Jharkhand

जमशेदपुर में सड़क हादसे के बाद बवाल, अफवाह पर भड़के लोग, CCTV ने खोली सच्चाई

Priyanka Kumari CE
Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): रविवार को जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र के आरडी टाटा गोलचक्कर के पास जमकर हंगामा हुआ.बताया जा रहा है कि यहां एक सड़क हादसे के के बाद स्कूटी सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. जिसके बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और गोलचक्कर के पास जमकर बवाल काटा.घायल महिला की पहचान साकची गुरुद्वारा बस्ती निवासी खुशबू सिंह के रूप में हुई है.

लोगों ने अफ़वाह पर काटा बवाल

मिली जानकारी के मुताबिक पिकअप वैन की चपेट में आने से स्कूटी सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को तत्काल इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है.हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया. बड़ी संख्या में लोगों ने ट्रैफिक पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क जामकर दी और ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को घेर लिया.

पढ़े क्या है लोगों का आरोप

वही स्थिति बिगडता देख प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए क्विक रिस्पांस टीमको मौके पर भेजा. काफी मशक्कत के बाद लोगों को समझाकर सड़क जाम हटवाया और यातायात व्यवस्था बहाल कराई.स्थानीय लोगों का आरोप था कि ट्रैफिक चेकिंग के दौरान एक पुलिसकर्मी अचानक स्कूटी सवार महिला के सामने आ गया, जिससे महिला असंतुलित होकर सड़क पर गिर गई और पीछे से आ रही पिकअप वैन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. इस आरोप को लेकर लोगों में काफी नाराजगी देखी गई.

सीसीटीवी सामने आने के बाद हुआ पूरा मामला

हालांकि, बाद में जिला पुलिस द्वारा घटना का सीसीटीवी फुटेज जारी किए जाने के बाद तस्वीर साफ हो गई. फुटेज में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि महिला साकची से बर्मामाइंस की ओर जा रही थी और इसी दौरान वह सीधे पिकअप वैन की चपेट में आ गई.वीडियो में कहीं भी पुलिस चेकिंग या पुलिसकर्मी की वजह से हादसा होते नहीं दिख रहा है.डीएसपी ट्रैफिक नीरज पाठक ने कहा कि दुर्घटना का पुलिस चेकिंग अभियान से कोई संबंध नहीं है. उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी घटना को लेकर अफवाह फैलाने से बचें और तथ्यों की पुष्टि के बाद ही प्रतिक्रिया दे.

रिपोर्ट-रंजीत ओझा