Jharkhand

जमशेदपुर में मईया सम्मान योजना पर हंगामा, महिलाओं के विरोध के बाद बुलानी पड़ी पुलिस

Rohit Kumar Sr. Correspondent
Rohit Kumar Sr. Correspondent
Copy Editor

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): मईया सम्मान योजना के सत्यापन को लेकर सोमवार को जमशेदपुर प्रखंड सह अंचल कार्यालय में भारी अव्यवस्था देखने को मिली. इंतजार के बाद भी सत्यापन कार्य शुरू नहीं होने से महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा. महिलाओं ने हंगामा शुरू कर दिया. देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया. दूर-दराज के गांवों और बस्तियों से महिलाएं भीषण गर्मी और उमस के बीच सत्यापन के लिए प्रखंड कार्यालय पहुंची थीं. महिलाएं सुबह से लाइन में खड़ी थीं, लेकिन बाद में उन्हें पता चला कि सत्यापन नहीं किया जा रहा है. इससे महिलाओं में नाराजगी बढ़ गई और उन्होंने प्रशासन के खिलाफ विरोध जताना शुरू कर दिया. स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा. इसके बाद भी  महिलाओं का विरोध जारी रहा और वे हंगामा करती रही. जानकारी हो कि पिछले कुछ दिनों से महिलाएं मईया सम्मान योजना के सत्यापन के लिए जमशेदपुर प्रखंड कार्यालय पहुंच रही है. सोमवार को सत्यापन ना होने की सूचना पर महिलाएं भड़क गई. सैकड़ों की संख्या में महिलाएं प्रखंड कार्यालय पहुंची थी. 

मुख्य गेट करना पड़ा बंद

महिलाओं के विरोध के दौरान पुलिस और प्रशासनिक कर्मियों ने महिलाओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उनका हंगामा जारी रहा. इसके कारण महिलाओं को कार्यालय परिसर से बाहर निकालकर मुख्य गेट बंद कर दिया गया. इस कार्रवाई से महिलाओं का आक्रोश और बढ़ गया. महिलाओं का कहना था कि यदि सत्यापन नहीं होना था तो उन्हें पहले ही इसकी जानकारी देनी चाहिए थी. बिना सूचना के बुलाकर उन्हें परेशान किया जा रहा है. महिलाओं ने आरोप लगाया कि पहले उन्हें योजना की राशि नियमित रूप से मिल रही थी, लेकिन सत्यापन प्रक्रिया शुरू होने के बाद भुगतान बंद हो गया है. राशि प्राप्त करने की उम्मीद में वे बार-बार कार्यालय का चक्कर लगाने को मजबूर हैं. मामले को लेकर काफी देर तक गहमा गहमी बनी रही.