जमशेदपुर(JAMSEDPUR): JNU से जुड़े कथित यौन उत्पीड़न मामले को लेकर सोमवार को बिष्टुपुर के कांग्रेस मुख्यालय तिलक पुस्तकालय के सामने भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तनाव की स्थिति बन गई, भाजपा कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन के दौरान दोनों दलों के समर्थक आमने-सामने आ गए. इसके बाद दोनों ओर से जमकर नारेबाजी हुई और बात इतनी बढ़ गई कि थोड़ी ही देर में लाठी चलने लगे और पत्थरबाजी होने लगी.
मार्च के दौरान हुई झड़प
जानकारी के अनुसार, भाजपा कार्यकर्ता जी टाउन मैदान से मार्च करते हुए कांग्रेस कार्यालय पहुंचे थे, भाजपा महिला मोर्चा की ओर से इस विरोध प्रदर्शन की पहले ही घोषणा की गई थी. प्रदर्शनकारी कांग्रेस कार्यालय के सामने पहुंचे, तो दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच टकराव की स्थिति बन गई और देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया. घटना के दौरान एक भाजपा कार्यकर्ता के सिर में चोट भी लगी, हालांकि, इस मामले में घायलों की कुल संख्या और दोनों पक्षों की भूमिका को लेकर फिलहाल स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है.
स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए कांग्रेस कार्यालय के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया, फिलहाल, पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद रहकर हालात पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके.
रिपोर्ट- रंजीत कुमार ओझा