☰
Jharkhand

एमजीएम अस्पताल में हंगामा, शव की आंख बदलने का आरोप, प्रबंधन ने किया इनकार

Lala Jabeen CE
Lala Jabeen CE
Senior News Publisher • TheNewsPost.in
टीएनपी डेस्क: जमशेदपुर के डिमना स्थित एमजीएम अस्पताल में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक मृतक के परिजनों ने शव की आंख बदले जाने का आरोप लगाते हुए इमरजेंसी में हंगामा कर दिया. सूचना मिलते ही एमजीएम के अधीक्षक मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने की कोशिश की. मृतक की पहचान आदित्यपुर थाना क्षेत्र के बलाइडीह बस्ती निवासी राजू प्रमाणिक के रूप में हुई है. उसके दोस्त राहुल ने बताया कि बुधवार सुबह उसने घर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर दी. सूचना मिलते ही परिजन उसे पास के अस्पताल लेकर पहुंचे. स्थिति नाजुक होने के कारण उसे एमजीएम रेफर किया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
 
इसकी सूचना पुलिस को दी गई. पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. रात होने के कारण परिजन शव को एक दिन के लिए मॉर्चरी में रखे. गुरुवार सुबह जब परिजन मॉर्चरी से शव लेने पहुंचे तो उन्होंने देखा कि उसकी आंखों में असामान्य लालिमा है, जो पहले नहीं थी. इसके बाद परिजनों ने विरोध शुरू कर दिया. परिजनों का कहना है कि राजू घर का इकलौता चिराग था और वह पेंटिंग का काम करता था. वहीं एमजीएम प्रबंधन का कहना है कि राजू प्रमाणिक अस्पताल में ब्रेड डेड ही आया था, इसके बाद मृतक को ठंडा घर में रख दिया गया था. शव के साथ किसी प्रकार की छेड़छाड़ नहीं हुई है. प्रबंधन का कहना है कि आंख निकाली गई या बदली गई, यह पोस्टमार्टम के बाद ही पता चल पाएगा. मौत के बाद व्यक्ति की बॉडी में कई बदलाव होते हैं, वह भी एक कारण हो सकता है. खबर लिखे जाने तक परिजन अधीक्षक के समक्ष हंगामा कर रहे थे. पुलिस और अस्पताल प्रबंधन मामले को शांत कराने में जुटा है.