Jharkhand

जमशेदपुर में जर्जर सड़क का अनोखा विरोध, लोगों ने गड्ढों में लगाए पेड़

Rohit Kumar Sr. Correspondent
Rohit Kumar Sr. Correspondent
Copy Editor

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर में भारी बारिश के बीच यहां की सड़कों की स्थिति भी काफी जर्जर है. सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे उभर आए हैं जिसके कारण दुर्घटनाएं हो रही हैं और लोग अपनी जान गवां रहे हैं. गड्ढों में बारिश का पानी जमने के कारण परेशानी और बढ़ जा रही है. जमशेदपुर के गोविंदपुर स्थित अन्ना चौक के पास भी सड़क की स्थिति काफी जर्जर है. यहां सड़क की मरम्मत की मांग को लेकर सोमवार को लोगों ने अनोखा विरोध किया. सड़क पर उभरे गड्ढों में लोगों ने पेड़ लगाए और जमकर नारेबाजी की. इस आंदोलन का नेतृत्व जिला परिषद सदस्य पारितोष सिंह ने किया. लोगों का कहना है कि अन्ना चौक के पास सड़क की स्थिति काफी जर्जर है इसके बाद भी इसकी मरम्मत नहीं कराई जा रही है. सड़क पर लगातार हो रहे हादसों और जलजमाव की समस्या से नाराज सैकड़ों ग्रामीणों ने अनोखा विरोध प्रदर्शन किया.

लोगों ने कहा कि अन्ना चौक के आसपास सड़क की स्थिति काफी खराब है. बारिश के बाद सड़क पर उभरे गड्ढों में पानी जमा हो जाता है. पानी भरने के कारण बड़े-बड़े गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को परेशानी होती है. लोगों ने प्रशासन और संबंधित कंपनियों से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की.

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे डॉ. परितोष सिंह ने कहा कि जेम्को चौक से अन्ना चौक तक कई बड़ी कंपनियां संचालित हैं. इसके बाद भी सड़क की स्थिति में सुधार नहीं हो रहा है. सड़क पर जलजमाव और गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं. इसके बावजूद प्रशासन और संबंधित कंपनी प्रबंधन की ओर से समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द सड़क की स्थिति नहीं सुधारी गई तो स्थानीय लोगों के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा. पूरे औद्योगिक क्षेत्र की आर्थिक नाकेबंदी भी की जाएगी. प्रदर्शन में जम्मी भास्कर, पिंकी सिंह, रमन सिंह, राजबान सिंह, गोविंदा लोहरा आदि शामिल रहे.