☰
Jharkhand

जमशेदपुर: खरकई नदी में बहकर सालडीह घाट पहुंचा अज्ञात शव, बस्ती में फैली सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

जमशेदपुर(JAMSHEDPUR): आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सालडीह घाट के समीप खरकई नदी के किनारे अज्ञात शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. सुबह करीब 6:10 बजे स्थानीय लोगों की नजर नदी किनारे पड़े शव पर पड़ी. देखते ही देखते शव मिलने की खबर आसपास की बस्ती में फैल गयी और मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी.

बताया जा रहा है कि शव खरकई नदी की धारा में बहकर सालडीह घाट के समीप पहुंचा है. हालांकि, शव कहां से बहकर आया और मृतक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी तत्काल पुष्टि नहीं हो सकी है. स्थानीय वार्ड 12 के पार्षद मोतीलाल बिसुई ने मामले की सूचना तत्काल आदित्यपुर पुलिस को दी. सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है. पुलिस शव की पहचान कराने के साथ-साथ यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मृतक कौन है और नदी में उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई.

फिलहाल शव की पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा. अज्ञात शव मिलने से सालडीह घाट और आसपास की बस्ती में लोगों के बीच चिंता का माहौल बना हुआ है.

रिपोर्ट - रंजीत ओझा