Jharkhand

जमशेदपुर के हलुदबानी में तालाब से बरामद हुआ अज्ञात शव, जांच में जुटी पुलिस

Priyanka Kumari CE
Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer

जमशेदपुर(JAMSHEDPUR):जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत हलुदबानी पारा टोला स्थित अभिनाश तालाब में शुक्रवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ तालाब के पास जुट गई.सूचना मिलने पर परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस मृतक की पहचान करने और मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है.

स्नान करने गई महिला पर पड़ी नज़र

स्थानीय लोगों के अनुसार, हलुदबानी के छुटकी टोला की कुछ महिलाएं रोजाना की तरह सुबह तालाब में स्नान करने पहुंची थी.इसी दौरान उनकी नजर तालाब में तैर रहे एक शव पर पड़ी. शव दिखाई देते ही महिलाओं ने शोर मचाया, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए.ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना परसुडीह थाना पुलिस को दी.प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि शव की स्थिति देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा था कि वह दो से तीन दिन पुराना है शव से दुर्गंध भी आने लगी थी, जिससे आशंका जताई जा रही है कि काफी समय से वह पानी में पड़ा हुआ था. हालांकि मृतक की उम्र और पहचान के संबंध में अभी तक कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है.

फ़िलहाल नहीं हो पाई है शव की पहचान

मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को तालाब से बाहर निकलवाकर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया. इसके साथ ही पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान करने का प्रयास कर रही है.फिलहाल किसी भी स्थानीय व्यक्ति ने शव की पहचान नहीं की है.परसुडीह थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है. वहीं, इस घटना के बाद हलुदबानी और आसपास के क्षेत्रों में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है.

रिपोर्ट-रंजीत ओझा