Jharkhand

जगन्नाथपुर में वज्रपात से 2 महिलाओं की मौत, धान रोपनी करते समय हुआ हादसा

Rohit Kumar Sr. Correspondent
Rohit Kumar Sr. Correspondent
Copy Editor

चाईबासा (CHAIBASA): कोल्हान में वज्रपात से मौत का सिलसिला जारी है. एक बार फिर कोल्हान में वज्रपात से 2 महिलाओं की मौत हुई है. यह हादसा पश्चिम सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर प्रखंड में हुआ है. डेबरासाईं गांव में खेत में काम करने के दौरान दोनों महिलाएं वज्रपात की चपेट में आ गई.  डेबरासाई में रहने वाली महिला दशनावती हेम्ब्रम और शुक्रमनी हेम्ब्रम धान रोपनी के काम में लगी थी. इसी दौरान आकाशीय बिजली गिरी और दोनों इसकी चपेट में आ गई. खेत में काम कर रही अन्य महिलाएं इसमें बाल-बाल बची. दोनों महिलाओं को इलाज के लिए ओड़िशा के अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया. जगन्नाथ पुलिस मौके पर पहुंची और मामले को लेकर लोगों से पूछताछ की. फिर दोनों महिलाओं के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. इस घटना से डेबरासाईं गांव में मातम पसरा है. दोनों महिलाओं की अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही है.

कोल्हान में वज्रपात का काफी कहर देखने को मिलता है. इस साल वज्रपात से 15 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है. जबकि कई घायल हुआ हैं. खेत में काम करने के दौरान या पेड़ के नीचे रहने के दौरान लोग वज्रपात की चपेट में आ रहे हैं. 5 दिनों पहले ही सरायकेला में वज्रपात की चपेट में आने से 2 बच्ची समेत 3 लोगों की मौत हुई थी. जबकि 15 लोग घायल हुए थे. सभी एक पेड़ के नीचे बैठ कर श्रद्धभोज खा रहे थे. मृतकों में वो बच्ची भी शामिल थी जिसके मां का श्राद्ध कार्यक्रम चल रहा रहा था. लगातार हो रही घटनाओं को लेकर प्रशासन ने लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है.